सड़क पर डामर नहीं तो आंदोलन थमेगा नहीं: पौसा गांव में भड़का कमस्यार घाटी के ग्रामीणों का जनाक्रोश, बनाई मानव श्रृंखला।
बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग पिथौरागढ़-बागेश्वर सीमा पर स्थित पौसा गांव में कमस्यार घाटी के निवासियों का धैर्य आखिरकार जवाब दे गया। लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रही सड़क के डामरीकरण की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विशाल मानव श्रृंखला बनाई और शासन-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए उग्र प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह मुख्य मार्ग पिछले कई वर्षों से बदहाली के आंसू बहा रहा है। मानसून के दौरान पूरी सड़क कीचड़ के दलदल और जानलेवा गड्ढों में तब्दील हो जाती है, जिससे आवाजाही पूरी तरह ठप होने के कगार पर पहुंच जाती है। सबसे बुरा असर स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों और गंभीर मरीजों पर पड़ रहा है, जिन्हें अस्पताल तक पहुंचाना किसी जंग जीतने से कम नहीं है।

आक्रोशित ग्रामीणो ने कहा
”हम लंबे समय से लोक निर्माण विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर काट-काटकर थक चुके हैं, लेकिन हर बार सिर्फ खोखले आश्वासन ही मिले। अब आर-पार की लड़ाई होगी।”
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने दावा किया है कि सड़क निर्माण और डामरीकरण का कार्य जल्द से जल्द शुरू करवा दिया जाएगा। हालांकि, पूर्व में मिले छलावे से नाराज ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक धरातल पर काम शुरू नहीं होता, तब तक उनका यह जनांदोलन रुकने वाला नहीं है।
इस मौके पर आशा भैसोंडा,सुनिता राठौर, गोपा धपोला, सरोज आर्या, सीला रौतेला, माया देवी, सुसीला देवी, शान्ति देवी,
राजेन्द्र राठौर मनोज राठौर, दुरुपती रौतेला, सुनिल रावत, हरीश डसीला, अनिल रौतेला, महेश राठौर,जय रौतेला, हयात डसीला, कंचन डसीला, भूपाल राम, भास्कर राम,आदि कई ग्रामीण मौजूद रहे।


