आपदा प्रबंधक के प्रति सजगता के लिए हुई मॉक ड्रिल :
एसडीएम बेरी डा.राहुल नरवाल व एसडीएम बहादुरगढ़ तरुण पावरिया ने किया मेट्रो स्टेशन व फुटवियर पार्क का दौरा
आपदा प्रबंधन के मद्देनजर पं.श्रीराम शर्मा मेट्रो स्टेशन व फुटवियर पार्क में हुई मॉक ड्रिल
बहादुरगढ़, से न्यूज होम लाइव के लिए सुनील शर्मा की रिर्पोट
आपदा प्रबंधन की दिशा में सजगता का परिचय देते हुए प्रशासन की ओर से आमजन को जीवन के प्रति सुरक्षित बनाए रखने का संदेश देने के उद्देश्य से शुक्रवार को भूकंप आपदा प्रबंधन हेतु मेगा मॉक ड्रिल का आयोजन बहादुरगढ़ उपमंडल में हुआ। बहादुरगढ़ शहर के पं.श्रीराम शर्मा मेट्रो स्टेशन प फुटवियर पार्क में स्थित एफडीआई सेंटर परिसर में दो स्थानों पर आपदा प्रबंधन के मद्देनजर मॉक ड्रिल करते हुए आमजन को ऐसी स्थिति में सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया गया। उपमंडलस्तरीय मेगा मॉक ड्रिल एसडीएम बेरी डा.राहुल नरवाल व एसडीएम बहादुरगढ़ तरुण कुमार पावरिया की देखरेख में डीएसपी अजायब सिंह तथा डीएसपी अशोक कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने की।
एसडीएम बेरी डा.राहुल नरवाल व एसडीएम बहादुरगढ़ तरूण पावरिया ने स्वयं मॉक ड्रिल के दौरान जहां शहर के सैक्टर 6 के सामुदायिक केंद्र में बने स्टेगिंग एरिया से पूरी मोनिटरिंग की वहीं आपदा की स्थिति में पैदा हुई परिस्थितियों का भी दौरा मेट्रो स्टेशन व फुटवियर पार्क में पहुंचकर किया। उन्होंने बताया कि उपायुक्त संजय जून के मार्गदर्शन में झज्जर जिले में कुल पांच स्थानों पर मेगा मॉक ड्रिल करवाई गई जिनमें से तीन झज्जर मुख्यालय पर तथा दो बहादुरगढ़ में आयोजित हुई।
मॉक ड्रिल के उद्देश्य से अवगत कराते हुए उन्होंने संयुक्त रूप से कहा कि हमारी आपदा की स्थिति में क्या तैयारियां हैं, कैसे हम जान-माल की सुरक्षा कर सकते हैं और ऐसी स्थिति में राहत कार्य कैसे किए जाएं, पूरी प्रक्रिया को मॉक ड्रिल के माध्यम से करते हुए हर स्तर पर परिपूर्ण रहते हुए कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि आज हुई मॉक ड्रिल की समीक्षा उपायुक्त के नेतृत्व में प्रशासनिक स्तर पर भी किए जाने वाले प्रबंधों पर भी समीक्षा की जाएगी ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपदा के दौरान पूरी तैयारी के साथ संबंधित विभाग कार्य करें।
एसडीएम डा.राहुल नरवाल व एसडीएम तरुण पावरिया ने मॉक ड्रिल का जायजा लेते हुए आपदा में फंसे लोगों को बचाने के लिए उठाए गए कदमों, राहत सामग्री के साथ ही प्रभावित व्यक्तियों को एंबुलेंस के माध्यम से फस्ट एड करवाते हुए ट्रामा सैंटर तक भिजवाया।
पं.श्रीराम शर्मा मेट्रो स्टेशन व फुटवियर पार्क परिसर में हुई मॉक ड्रिल :
आपदा प्रबंधन के तहत शुक्रवार की सुबह एसडीएम बेरी डा.राहुल नरवाल, एसडीएम बहादुरगढ़ तरुण पावरिया तथा पुलिस विभाग की ओर से डीएसपी अजायब सिंह व डीएसपी अशोक कुमार टास्क फोर्स 4 व 5 के साथ सैक्टर छह के सामुदायिक केंद्र परिसर में बनाए गए स्टेगिंग एरिया में पहुंचे। सुबह 10 बजे आपदा प्रबंधन की दिशा में आमजन को जागरूक करने के लिए सायरन बजा और उसके बाद वायरलेस पर पं.श्रीराम शर्मा मेट्रो स्टेशन व फुटवियर पार्क परिसर में आपदा की स्थिति उत्पन्न होने की सूचना मिली। गठित दोनों टीमों को दोनों मॉक ड्रिल स्थलों के लिए रवाना किया गया। मेट्रो स्टेशन परिसर में पहुंचकर राहत टीम द्वारा मौके पर मौजूद लोगों से संपर्क साधा और आपदा की स्थिति में फंसे लोगों को स्टेशन से बाहर सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया शुरू हुई। इसी क्रम में फुटवियर पार्क स्थित प्रशिक्षण केंद्र में भी राहत टीमों द्वारा कार्यवाही अमल में लाई गई। राहत टीमों द्वारा दोनों स्थानों पर पूरी गंभीरता से कार्य करते हुए आपदा से प्रभावित लोगों को मेडिकल सेवा प्रदान की और उन्हें ट्रामा सैंटर भिजवाया।
मेगा मॉक ड्रिल में प्रशासन के साथ ही सामाजिक संगठनों का भी विशेष सहयोग रहा। भारत विकास परिषद से सतीश शर्मा व सड़क सुरक्षा संगठन के सचिव सुधीर भारद्वाज अपनी टीम व स्वयंसेवकों के साथ राहत कार्य में जुटे। आपदा की स्थिति में सभी ने एक जुट होकर एक टीम वर्क के रूप में कार्य करते हुए जान माल की सुरक्षा के प्रति सामाजिक दायित्व का निर्वहन किया।
इस मौके पर तहसीलदार बंसीलाल, नायब तहसीलदार जसबीर सिंह, बीडीपीओ रामकरण शर्मा, कानूनगो पूनम चंद गौड, लोक निर्माण विभाग के कार्यकरी अभियंता के.एस.पठानिया, बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता रामपाल, जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता एस.के दहिया, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता एम.पी.तंवर, नगरपरिषद सचिव मुकेश कुमार, एमई ओमदत्त, स्वास्थ्य विभाग से डा.देवेंद्र मेघा, एआईपीआरओ दिनेश कुमार व खाद्य निरीक्षक सुरेंद्र कुमार पूनिया सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

