LatestNewsछत्तीसगढ़

हस्ताक्षरयुक्त कोरे चेक में रकम भरकर की ठगी

न्यूज होम लाइव व्यूरो मुकेश भारती:-

रायपुर:- हस्ताक्षरयुक्त कोरे चेक में रकम भरकर 15 लाख रुपए की ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। पीडि़त व्यापारी की शिकायत पर गोलबाजार पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। टैगोर कॉलोनी निवासी विशाल चोपड़ा (50) रविभवन के ग्राउंड फ्लोर में चश्मा घर नाम से दुकान चलाता है। बताया जाता है कि इस दौरान विशाल का परिचय आरोपी नितिन जयसिंघानी से हुआ। आरोपी नितिन ने बताया कि वह ब्याज में लोगों को पैसा उधार देता है। विशाल ने अपना व्यवसाय बढ़ाने के लिए 2012 में आरोपी नितिन जयसिंघानी से पैसे उधार लिए और पैसा होने पर ब्याज सहित वापस भी किया। इस तरह विशाल चोपड़ा ने आरोपी नितिन जयसिंघानी से 2012 से लेकर 2016 तक कई बार पैसे उधार लिए और ब्याज सहित वापस भी किए। इस दौरान आरोपी नितिन अपने परिचितों से वह पैसा दिलवाता था। विशाल ने जितनी बार भी पैसा उधार लिया उसके बदले हस्ताक्षरयुक्त चेक देता था जो आरोपियों ने वापस नहीं किया। जब उक्त रकम को वापस करता था तो आरोपी नितिन हुंडी और रसीद वापस कर देता था। जब विशाल चोपड़ा ने अपना चेक वापस मांगा तो आरोपी नितिन व उसके दोस्तों ने कहा कि चेक गुम गया है। इसके बाद नितिन अपने दोस्त राजेश सिंह, संदीप बहल, नीलू कोसला, विरेन्द्र कोसला, अजय टेकवानी, विनोद टेकवानी व फिरोज मेमन ने षड्यंत्रपूर्वक कूटरचना कर प्रार्थी के हस्ताक्षरयुक्त चेक को बैंक में लगाकर 15 लाख रुपए की ठगी कर ली। जब इसकी जानकारी विशाल चोपड़ा को हुई तो उसने इसकी शिकायत गोलबाजार थाने में की। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 467, 471, 406 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।

Share This News