औषधियुक्त पौधों का रासेयो स्वयंसेवकों द्वारा किया गया रोपण
न्यूज होम लाइव के लिए मुकेश भारती की रिपोर्ट
कोरबा:-
कमला नेहरू महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने ऊंकार कल्याण सेवा संस्थान जोबा में त्रिवेणी वृक्ष का रोपण किया। आश्रम के स्वामी दिव्यानंद महाराज के निर्देश पर देवत्व तथा औषधीय गुणों से भरपूर बरगद, पीपल व नीम के 100 पौधों का रोपण कोरबा से 45 किलोमीटर दूर आश्रम में किया गया।बाइक रैली के माध्यम से जन जागरूकता का संचार करते हुए स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम अधिकारी प्रीति द्विवेदी व जीएम उपाध्याय के नेतृत्व में पहाड़ तलहटी तथा पवित्र और हरीतिमा से भरे आश्रम के आसपास पौधारोपण के माध्यम से सुंदर और श्रृंगारित करने का कार्य किया। स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए स्वामी दिव्यानंद ने कहा कि शास्त्रों में इन त्रिदेव वृक्षों के स्पर्श, दर्शन तथा इनकी जड़ों, छालों, फलों इत्यादि के सेवन से आरोग्यता तथा शारीरिक मजबूती प्राप्त होती है। ये सद्गति प्राप्त करने का साधन भी है, जो मंत्र जप और ध्यान आदि संस्कारों के लिए अत्यंत शुभ माने जाते हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। आयोजन के दौरान महाविद्यालय के समर इंटर्नशिप प्रभारी के साथ स्वयंसेवकों ने नव प्रतिस्थापित मां महाकाली तथा कालेश्वर महाकाल मंदिर में मंत्रोच्चारण के साथ पूजा अर्चना की तथा आरती का गान किया। इससे उन सब में ऊर्जा का संचार हुआ तथा अपने कार्यों से सुखद अनुभूति व आत्मिक सुख मिला। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ स्वयंसेवक ललित प्रजापति, शनिदेव खूंटे, अटल श्रीवास्तव के संयोजकत्व में किया गया। स्वयंसेवक भारती जायसवाल, भावना जायसवाल, मनिता कंवर, पुष्पा साहू, प्रेरणा गायकवाड, प्लावि तिर्की, दिनेश तांबे, प्रकाश चौहान, अमृत ढाली, राजेंद्र यादव, जयप्रकाश पटेल, कोलगा आश्रम के स्वामी ईश्वरानंद का योगदान रहा। स्वयंसेवकों ने बरगद, पीपल नीम के अलावा बेल, आंवला, नींबू , मीठा नीम, जामुन, आम आदि फलदार पौधों का भी रोपण किया। स्वयंसेवकों ने आश्रम में स्वच्छता अभियान चलाकर परिसर की सफाई की तथा पहाड़ों के बीच निर्झरित जल से बनी पवित्र कुंड का दर्शन तथा बंदरों व पक्षियों की किलकारियों से निर्मित प्राकृतिक परिवेश का आनंद लिया।

