19वें अमर शहीद सैनिक मेले के उद्घाटन के लिए सीएम धामी को निमंत्रण, मुख्यमंत्री ने दी स्वीकृति।

थराली (चमोली) | हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट
थराली।आगामी 7 दिसंबर को विकासखंड देवाल के सैनिक बाहुल्य गांव सवाड़ में आयोजित होने वाले 19वें अमर शहीद सैनिक मेले के उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री ने इस आमंत्रण को स्वीकार करते हुए मेले में शामिल होने की सहमति प्रदान कर दी है।
बुधवार को देवाल के ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। शिष्टमंडल ने सीएम को 7 दिसंबर से सवाड़ गांव में शुरू हो रहे ऐतिहासिक 19वें अमर शहीद सैनिक मेले का उद्घाटन करने के लिए निमंत्रण पत्र सौंपा, जिस पर मुख्यमंत्री ने मेले में आने की हामी भरी।
मुलाकात के दौरान शिष्टमंडल ने देवाल विकासखंड और पिंडर घाटी क्षेत्र की विभिन्न प्रमुख जनसमस्याओं से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इस शिष्टमंडल में अमर शहीद सैनिक मेला कमेटी के अध्यक्ष दयाल बिष्ट, सवाड़ के क्षेत्र पंचायत सदस्य दलवीर राम और युवा कार्यकर्ता संदीप बिष्ट सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे।

