सदर कोषागार में पेंशनर्स जागरूकता एवं समस्या समाधान शिविर आयोजित, डिजिटल सेवाओं और स्वास्थ्य योजनाओं की दी जानकारी।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
पिथौरागढ़। पेंशनर्स को सरकारी सुविधाओं से अवगत कराने और उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से सदर कोषागार में ‘पेंशनर्स जागरूकता अभियान’ के तहत एक विशेष जागरूकता एवं समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य कोषाधिकारी दीपक जोशी की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में पेंशनर्स ने प्रतिभाग किया।
शिविर के दौरान पेंशनर्स को जीवन प्रमाण पत्र (लाइफ सर्टिफिकेट) जमा करने की सरल प्रक्रिया, राज्य सरकार स्वास्थ्य योजना (एसजीएचएस) के लाभ और पेंशन से जुड़े विभिन्न लंबित प्रकरणों के समाधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही उन्हें सुरक्षित बैंकिंग सेवाओं और डिजिटल माध्यमों के उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद इंडियन पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के प्रतिनिधियों ने बैंक द्वारा पेंशनर्स को दी जा रही डोर-स्टेप बैंकिंग और अन्य सुविधाओं की जानकारी साझा की, साथ ही इन सेवाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया भी समझाई।
इस अवसर पर मुख्य कोषाधिकारी दीपक जोशी ने कहा कि पेंशनर्स की सुविधा और उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से प्रयास किया जा रहा है कि पेंशनर्स को सरकारी योजनाओं, बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं की पूरी जानकारी एक ही छत के नीचे मिल सके, जिससे उन्हें अनावश्यक भटकना न पड़े।

