FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandमौसम

5 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, डीएम ने आदेश  जारी किए । 

नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट:-

नैनीताल संवाददाता। 

नैनीताल। मौसम विभाग ने नैनीताल जिले में 5 सितंबर 2026 को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम के बिगड़ते हालात और संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर जिले में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।

जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार, शनिवार 5 सितंबर को नैनीताल जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई बंद रहेगी। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

प्रशासन के मुताबिक, मौसम विभाग ने कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई है। ऐसे में नदी-नालों और गधेरों में अचानक तेज जलप्रवाह बढ़ने तथा संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।

शिक्षकों और स्टाफ को भी अवकाश

आदेश के तहत विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ के लिए भी 5 सितंबर को अवकाश अनुमन्य रहेगा। हालांकि, नैनीताल शहर में संचालित ऐसे आवासीय शिक्षण संस्थान, जहां विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई और आवास की सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध है, इस आदेश के दायरे में नहीं आएंगे। जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षाधिकारी नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी नैनीताल को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

Share This News