पोस्टल बैलेट वोटिंग के वायरल विडियो मामले में पिथौरागढ़ में मामला दर्ज।

न्यूज होम लाइव नेटवर्क:-
पिथौरागढ विधानसभा चुनाव में पोस्टल बैलेट में धांधली को लेकर वायरल हुए वीडियो के मामले पर निर्वाचन आयोग ने पिथौरागढ़ पुलिस को अभियोग पंजीकृत करने के निर्देश दिये । पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया में पोस्टल बैलेट में धांधली को लेकर कुछ दिन से एक वीडियो खूब वाइरल हो रहा है। वीडियो में आसपास सेना के जवान खड़े हैं और आरोप है कि एक जवान द्वारा सभी पोस्टल बैलेट पर मुहर लगायी जा रही है।कांग्रेस नेता हरीश रावत की ओर से भी मंगलवार को अपने सोशल मीडिया पर इस वीडियो को जारी किया गया था और चुनाव आयोग से इसका संज्ञान लेने को कहा गया था। इस वीडियो के जारी होने के बाद उत्तराखण्ड में हड़कंप मच गया था और खासकर कांग्रेस नेताओं व उनके समर्थक इसे भाजपा की साजिश बता रहे थे, जिसको लेकर कांग्रेसियों में भारी रोष व्याप्त था। वीडियो को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा था कि यह पिथौरागढ़ के डीडीहाट का है। सूत्रों के मुताबिक उक्त मामले में डीडीहाट विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीपपाल की ओर से मंगलवार को निर्वाचन आयोग व पुलिस को इस मामले में लिखित शिकायत दी गयी। प्रथमदृष्टया जांच के बाद यह मामला डीडीहाट का पाया गया। मंगलवार रात को डीडीहाट थाना में इस मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है साथ ही वीडियो की सच्चाई का पता लगाने व दोषियों के खिलाफ कार्यवाही करने के लिये प्रकरण की जांच शुरू कर दी गयी है।

