राजकीय आईटीआई राईआगर बेरीनाग के 8 प्रशिक्षार्थियों का हुआ चयन।
मारुति सुजुकी कैंपस प्लेसमेंट:-

संवाददाता।
बेरीनाग/हल्द्वानी/ देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड द्वारा राजकीय आईटीआई हल्द्वानी परिसर में एक भव्य कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में कुमाऊं मंडल के विभिन्न आईटीआई संस्थानों के उत्तीर्ण एवं वर्ष 2026 के अंतिम वर्ष के अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कड़े लिखित एवं साक्षात्कार दौर के बाद कुल 52 प्रशिक्षार्थियों का अंतिम चयन मारुति सुजुकी में हुआ है।
विशेष रूप से, राजकीय आईटीआई राईआगर, बेरीनाग (पिथौरागढ़) के 8 युवाओं ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए इसमें सफलता हासिल की है। इसके अलावा नैनीताल और अल्मोड़ा जनपदों के 14 अभ्यर्थियों का भी चयन हुआ है।
85 अभ्यर्थियों में से 52 को मिला रोजगार
कंपनी के रिक्वायर्ड ऑफिसर सोनू ठाकुर ने बताया कि इस कैंपस ड्राइव में कुमाऊं मंडल के विभिन्न जनपदों से कुल 85 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया था। पारदर्शी चयन प्रक्रिया (लिखित परीक्षा और साक्षात्कार) के उपरांत 52 योग्य प्रशिक्षार्थियों को नियुक्ति हेतु चुना गया।
”हमारी कंपनी का मुख्य उद्देश्य आईटीआई प्रशिक्षार्थियों को सीधे संस्थानों के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि प्रशिक्षित युवाओं को नौकरी के लिए भटकना न पड़े। भविष्य में भी ऐसे कैंपस ड्राइव आयोजित किए जाते रहेंगे।”
— सुनील कुमार, एचआर (मारुति सुजुकी इंडिया लि.)
समन्वय और सूचना नेटवर्क का दिखा असर
इस ड्राइव को कुमाऊं स्तर पर सफल बनाने के लिए राजकीय आईटीआई बेतालघाट (नैनीताल) के अनुदेशक एवं प्लेसमेंट अधिकारी राजेंद्र पांडे को ‘कैंपस को-ऑर्डिनेटर’ नामित किया गया था। श्री पांडे द्वारा नैनीताल, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर आदि जनपदों में मोबाइल, मीडिया और पत्राचार के माध्यम से व्यापक प्रसार-प्रसार किया गया। इसी का परिणाम रहा कि दूर-दराज के क्षेत्रों से 27 अभ्यर्थियों ने इसमें भाग लिया और बड़ी संख्या में चयन में सफलता पाई।
राजेंद्र पांडे ने चयनित सभी अभ्यर्थियों, उनके अभिभावकों और क्षेत्र की जनता को इस शानदार सफलता पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
संस्थान प्रबंधन का जताया आभार
कंपनी के मानव संसाधन अधिकारी सुनील कुमार ने इस सफल आयोजन के लिए राजकीय आईटीआई हल्द्वानी के प्रधानाचार्य, प्लेसमेंट अधिकारी ललित कुमार (ललित आर्य) एवं समस्त स्टाफ का विशेष आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान अंकित, प्रशांत सिंह, प्रमोद कुमार, सूरज, अमित कुमार सहित कई अन्य प्रशिक्षार्थी और संस्थान के कर्मचारी मौजूद रहे।

