मैं तिनका तो आप कार्यकर्ता हवा हैं : अनुराग सिंहदेव
न्यूज होम लाइव व्यूरो मुकेश भारतीः-
अम्बिकापुर:- भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा सरगुजा जिले की तीनों विधानसभा सीटों सहित छत्तीसगढ़ के 77 विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों की घोषणा के बाद रविवार को संकल्प भवन भाजपा कार्यालय में अंबिकापुर विधानसभा प्रत्याशी व भाजपा प्रदेश मंत्री अनुराग सिंहदेव के स्वागत व चुनाव तैयारियों को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर, भाजपा जिला अध्यक्ष अखिलेश सोनी व संभागीय चुनाव संगठन प्रभारी गणेश मिश्रा की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में प्रदेश व राष्ट्रीय नेतृत्व का धन्यवाद व आभार व्यक्त करते हुए प्रत्याशी अनुराग सिंहदेव ने कहा कि मैं तो मात्र तिनका हूं और आप सब भाजपा कार्यकर्ता हवा हैं। जब हवा और तिनका मिल जाते हैं तो तूफान बन जाता है। पार्टी ने आप सबके भरोसे मुझे तीसरी बार उम्मीदवार बनाकर बहुत कठिन चुनौती दी है। मेरे लिए पार्टी का आदेश शिरोधार्य है। आगे उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने उन्हें फोन पर अंबिकापुर विधानसभा सीट से टिकट मिलने की जानकारी दी और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपका नाम स्वयं राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने तय किया है।
यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि मुझे पार्टी जिस मोर्चे पर भी खड़ा करेगी, मैं डटा रहूंगा। इस बार पूरी ताकत के साथ अंबिकापुर विधानसभा सहित जिले की तीनों सीटें हम जीतेंगे। मैं प्रत्याशी के रूप में अंबिकापुर विधानसभा के प्रत्येक घर में जाऊंगा तथा अपनी जीत का आशीर्वाद मांगूंगा। संभागीय चुनाव संगठन प्रभारी गणेश मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विरोधी कितना भी मजबूत और दमदार हो, हमें यही भाव विजयपथ की ओर लेकर जाएगा। समस्त कार्यकर्ता संगठन के निर्णय पर भरोसा कर चुनाव में प्रण-प्राण से जुट जाएं। जिला अध्यक्ष अखिलेश सोनी ने केंद्रीय व प्रदेश भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जिले में प्रत्याशियों का सर्वेक्षण किया है, संगठन ने हम सब पर जो विश्वास किया है उस पर खरा उतरने के लिए परिश्रम करना है।
अनिल सिंह मेजर ने कहा कि चुनाव का पिछला अनुभव सरगुजा के लिए ठीक नहीं रहा जिसका खामियाजा हमने 5 साल भोगा है। आज हमारे पास पुन: गलतियों को सुधारने का मौका है क्योंकि बूथ लेवल तक हमारा संगठन मजबूत है जिसके दम पर सरगुजा में तीनों सीट हम जीतेंगे। प्रदेश महामंत्री भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि भाजपा में टिकट बड़े धैर्य और विश्वास के साथ बंटता है। हमारा उम्मीदवार नौजवान है और वरिष्ठों का मार्गदर्शन हमारे साथ है। हमें इस बार जीतने से कोई नहीं रोक सकता। भाजपा मंडल अध्यक्ष विद्यानंद मिश्रा ने कहा कि टिकट वितरण के पश्चात कोई व्यक्ति प्रत्याशी नहीं बल्कि कमल का फूल प्रत्याशी है। हमें एक कमल को जिताने के लिए जी जान से काम करना है। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राम लखन पैकरा ने व आभार प्रदर्शन नगर निगम नेता प्रतिपक्ष ने किया। इस अवसर पर प्रशांत त्रिपाठी, अभिमन्यु गुप्ता, अंबिकेश केसरी, हरपाल सिंह भामरा, श्याम बाबू, गुलाब चंदेल, विनोद हर्ष, संतोष दास, राजेंद्र सिंह बग्गा, शैलू सिंह, ब्रिज किशोर पांडे, दिनेश गुप्ता, राधे ठाकुर, पन्ना लाल राजवाड़े, सुभाष अग्रवाल, मधुसूदन शुक्ला, निश्चल सिंह, मंजूषा भगत, मनोज गुप्ता, रमेश जायसवाल, निर्मल पांडे, संजय सोनी, मनोज कंसारी, संजय सोनी, मधु, पीयूष त्रिपाठी सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

