चौथी बार सरकार बनाने मेरा घर भाजपा का घर अभियान
न्यूज होम लाइव व्यूरो मुकेश भारतीः-
*रायपुर:- राजधानी स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय एकात्म परिसर में छत्तीसगढ़ प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव डॉ अनिल जैन ने पत्रकार वार्ता लेकर कहा है कि पार्टी ने मिशन 65 प्लस का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए पूरी तरह से तैयारी कर ली है। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की चौथी बार सरकार बनेगी। इसकी रणनीति भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बना ली है।
डॉक्टर अनिल जैन ने कहा कि चुनाव अभियान समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई है। 65+ को लेकर चर्चा हुई है। चुनाव आचार संहिता का पालन करते हुए प्रभावशाली तरीके से कैसे चुनाव जीता जा सके, इसपर रणनीति बनाई गई है।
रणनीति के तहत 27 अक्टूबर को 18 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ कार्यकर्ता सम्मेलन होंगे। 29 अक्टूबर को 18 विधानसभा में एक साथ चुनावी सम्मेलन होगा। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता प्रदेश में चौथी बार सरकार बनाने के लिए ‘मेरा घर भाजपा का घर के तहत अपने-अपने घर में भाजपा का झंडा लगाएंगे। 1 नवम्बर को 72 प्रत्याशी नामांकन भरेंगे। इसके साथ ही चुनाव सभा होगी 1 से 4 नवम्बर तक बाइक रैली होगी। 4 नवम्बर को पूरे प्रदेश में कमल दिवाली मनाई जाएगी। कार्यकर्ता घर और कार्यालय में दीपक जलाएंगे और कमल टोली बनाएंगे। 9 नवम्बर को सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन करेंगे। 11 नवम्बर को दूसरे चरण में एक साथ 72 विधानसभा क्षेत्रों में कॉरपोरेट बॉम्बिंग करेंगे वहीं सभी जिलों में अमित शाह की सभा करेंगे। राजनाथ सिंह तीन दिन प्रथम चरण में और द्वितीय चरण में चार दिन प्रचार करेंगे।

