दुर्ग और बिलासपुर संभाग अधिकारियों को मुख्य सचिव ने ली क्लास।
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायपुर — छत्तीसगढ़ में दूसरे राज्यों से अवैध धान का परिवहन रोकने और कोचियों , बिचौलियों पर अवैध रूप से संग्रहित धान के विरूद्ध बड़ी कार्रवाही करते हुये अवैध धान संग्रहण के 2438 प्रकरणों में 31 हजार 291 टन धान तथा 280 वाहनों की जब्ती की गई है।
मुख्य सचिव आर०पी०मंडल की अध्यक्षता में आयोजित रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की बैठक में यह जानकारी दी गयी । मुख्य सचिव ने बैठक में अधिकारियों को धान खरीदी की सभी व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा पंजीकृत रकबे के अनुसार 15 क्विंटल प्रति एकड़ की मान से धान की खरीदी की जाये। धान खरीदी के दौरान किसानों की सहूलियतों का ध्यान भी रखा जाये। मुख्य सचिव ने किसानों को धान खरीदी के लिये टोकन जारी करने, बारदानों की व्यवस्था, मिलरों को डी०ओ०जारी करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अवैध धान परिवहन और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश अधिकारियों को दिये। बैठक में कमिश्नर और पुलिस महानिरीक्षक भी उपिस्थत थे। इस संबंध में आज एक कार्यशाला भी आयोजित की गयी जिसमें पुलिस अधीक्षकों को धान खरीदी की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी खाद्य सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह और मार्कफेड की एम.डी. शम्मी आबदी द्वारा दी गयी।
मुख्य सचिव ने कलेक्टरों को अपने जिले में पी.डब्ल्यू.डी., सिंचाई, आर.ई.एस. विभाग के कार्यपालन अभियंताओं और सहायक अभियंताओं को धान खरीदी केन्द्रवार नोडल अधिकारी बनाकर प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये । श्री मंडल ने धान खरीदी कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुये जिला स्तर के राजस्व, पुलिस, खाद्य और सहकारिता विभाग के सभी अधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुये धान खरीदी को सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिये। बैठक में जानकारी दी गई की धान खरीदी के दूसरे सप्ताह में अब तक 13 लाख 92 हजार 686 टन धान की खरीदी की गई है। धान बेचने वाले 02 लाख 42 हजार 843 किसानों को 1765 करोड़ रूपये का भुगतान किया जा चुका है। किसानों का शत-प्रतिशत भुगतान उनके खातों में राशि अंतरित कर की जा रही है। खरीदी गये धान की कस्टम मिलिंग के लिये 02 लाख 34 हजार 237 मीटरिक टन का डी०ओ० जारी किया जा चुका है। जारी किये गये डी०ओ० में से 59 हजार 390 टन धान का उठाव मिलरों द्वारा धान खरीदी केन्द्रों से किया जा चुका है।

