FEATUREDGeneralLatestNewsPoliticsदिल्लीराज्य

प्रधानमंत्री ने किया नये संसद भवन का भूमिपूजन।

प्रधानमंत्री ने किया नये संसद भवन का भूमिपूजन

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

नई दिल्ली – सर्व धर्मगुरूओं की समुपस्थिती में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन कार्यक्रम पश्चात शुभ मुहूर्त में परम्परागत विधि विधान से देश के भव्यतम नये संसद भवन की आधारशिला रखी। पीएम मोदी ने शिलान्यास समारोह के मद्देनजर पट्टिका का अनावरण भी किया। नये संसद भवन के शिलान्यास समारोह में विभिन्न धर्मगुरुओं ने “सर्व धर्म प्रार्थना”‘ किया। इस नये संसद भवन में भारत की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाने के लिये सम्पूर्ण देश के दस्तकार और शिल्पकार अपना योगदान देंगे। इस चार मंजिला नये संसद भवन का निर्माण कार्य भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ तक पूरा कर लिये जाने की संभावना है। भूमिपूजन और शिलान्यास के पश्चात हिन्दू, सिख, ईसाई, मुस्लिम, बौद्ध, जैन एवं अन्य धर्मों के धर्मगुरुओं ने सर्वधर्म प्रार्थना की। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला , केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह , रक्षामंत्री राजनाथ सिंह , केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ,आवास और शहरी कार्य राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरदीप एस पुरी, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह के अलावा कई केंद्रीय मंत्री, सांसद, सचिव, राजदूत, उच्चायुक्त सहित लगभग 200 गममान्य नागरिक लाईव वेबकास्ट के जरिये अपनी उपस्थिति दर्ज कराये। वर्तमान संसद भवन के समीप बनने वाले नये संसद भवन का डिजाइन मैसर्स एचसीपी डिजाइन और मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड अहमदाबाद द्वारा तैयार किया गया है , इसका निर्माण टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड द्वारा किया जायेगा। नया संसद भवन ना केवल पुराने भवन से तीन गुना बड़ा होगा, बल्कि इसका आकार भी गोल ना होकर त्रिभुजाकार होगा। नये भवन को सभी आधुनिक दृश्य-श्रव्य संचार सुविधाओं , प्रभावी और समावेशी आपातकालीन निकासी , डाटा नेटवर्क प्रणालियों से सुसज्जित किया जायेगा। यह सुनिश्चित करने के लिये विशेष ध्यान दिया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान संसद के सत्रों के आयोजन में कम-से-कम व्यवधान हो और पर्यावरण संबंधी सभी सुरक्षा उपायों का पालन किया जाये। नया संसद भवन, भारत के लोकतंत्र और भारतवासियों के गौरव का प्रतीक होगा, जो ना केवल हमारे गौरवशाली इतिहास अपितु हमारे लोगों की शक्ति, एकता और विविधता का भी परिचय देते हुये नये भारत की आवश्यकताओं और आकांक्षाओं को पूरा करेगा।

लक्ष्य में मतभेद नहीं होना चाहिये – मोदी

भूमिपूजन और शिलान्यास कार्यक्रम के पश्चात पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है और मील का पत्थर साबित होगा। देश में अब भारतीयता के विचारों के साथ नई संसद बनने जा रही है, हम देशवासी मिलकर संसद के नए भवन को बनायेंगे। जब भारत अपनी आजादी के 75वें साल का जश्न मनायेगा तब संसद की इमारत उसकी प्रेरणा होगी।पीएम ने कहा- ‘पॉलिसी में अंतर हो सकता है, पॉलिटिक्स में भिन्नता हो सकती है लेकिन हम जनता की सेवा के लिये हैं, इस अंतिम लक्ष्य में कोई मतभेद नहीं होना चाहिये। वाद-संवाद संसद के भीतर हों या संसद के बाहर, राष्ट्रसेवा का संकल्प , राष्ट्रहित के प्रति समर्पण लगातार झलकना चाहिये। पीएम मोदी ने कहा-‘हमें याद रखना है कि वो लोकतंत्र जो संसद भवन के अस्तित्व का आधार है, उसके प्रति आशावाद को जगाये रखना हम सभी का दायित्व है। हमें ये हमेशा याद रखना है कि संसद पहुंँचा हर प्रतिनिधि जवाबदेह है , ये जवाबदेही जनता के प्रति भी है और संविधान के प्रति भी है। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि नये संसद भवन में ऐसी अनेक नई चीजें की जा रही हैं जिससे सांसदों की दक्षता बढ़ेगी, उनके वर्क कल्चर में आधुनिक तौर-तरीके आयेंगे। पुराने संसद भवन ने स्वतंत्रता के बाद के भारत को दिशा दी तो नया भवन आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का गवाह बनेगा। पुराने संसद भवन में देश की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिये काम हुआ, तो नये भवन में 21वीं सदी के भारत की आकांक्षायें पूरी की जायेंगी।

अभी नही होगा निर्माण शुरू

प्रधानमंत्री के हाथों देश के संसद की नई इमारत का भूमिपूजन और शिलान्यास हो जाने के बाद भी इसका निर्माण कार्य अभी शुरू नहीं हो सकेगा। क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने नई संसद समेत कई अहम सरकारी इमारतों वाले सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट में किसी भी निर्माण पर फिलहाल रोक लगा रखी है। सुप्रीम कोर्ट की रोक का आधार सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर फैसला लंबित है। इन याचिकाओं पर कोर्ट ने 05 नवंबर को फैसला सुरक्षित रखते हुये कहा था कि वह इस पहलू पर करेगा कि क्या प्रोजेक्ट के लिये सभी कानूनी ज़रूरतों का पालन किया गया है। फैसला आने से पहले ही संसद के शिलान्यास पर कोर्ट द्वारा माँगी गई जवाब में केंद्र ने कहा था कि फैसला आने से पहले ना तो सेंट्रल विस्टा में कोई निर्माण होगा और ना ही किसी पुरानी इमारत को गिराया जायेगा। पेड़ों को दूसरी जगह लगाने का काम भी रुका रहेगा , ऐसे में यह साफ है कि नई संसद और दूसरी इमारतों का निर्माण तभी शुरू हो सकेगा जब कोर्ट उसे मंजूरी देगा।

क्या है सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट ?

इस प्रोजेक्ट के तहत नये संसद परिसर का निर्माण किया जायेगा। इसमें 876 सीट वाली लोकसभा, 400 सीट वाली राज्यसभा और 1224 सीट वाले सेंट्रल हॉल का निर्माण होगा। इससे संसद की संयुक्त बैठक के दौरान सदस्यों को अलग से कुर्सी लगा कर बैठाने की ज़रूरत खत्म हो जायेगी। सेंट्रल विस्टा में एक दूसरे से जुड़ी 10 इमारतों में 51 मंत्रालय बनाये जायेंगे , अभी यह मंत्रालय एक-दूसरे से दूर 47 इमारतों से चल रहे हैं। मंत्रालयों को नजदीकी मेट्रो स्टेशन से जोड़ने के लिये भूमिगत मार्ग भी बनाया जायेगा। राष्ट्रपति भवन के नज़दीक प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति के लिये नया निवास भी बनाया जायेगा , अभी दोनों के निवास स्थान राष्ट्रपति भवन से दूर हैं।

याचिकाकर्ताओं की दलील

केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को कई याचिकाओं के जरिये सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देते हुये कहा गया है कि बिना उचित कानून पारित किये परियोजना को शुरू किया गया , इसके लिये पर्यावरण मंजूरी लेने की प्रक्रिया में भी कमियांँ हैं। हजारों करोड़ रुपये की यह योजना सिर्फ सरकारी धन की बर्बादी है। संसद और उसके आसपास की ऐतिहासिक इमारतों को इस परियोजना से नुकसान पहुंँचने की आशंका है। इन याचिकाओं के जवाब में सरकार ने कहा है कि मौजूदा संसद भवन और मंत्रालय बदलती जरूरतों के हिसाब से अपर्याप्त साबित हो रहे हैं , नये सेंट्रल विस्टा का निर्माण करते हुए ना सिर्फ पर्यावरण का ध्यान रखा जायेगा, बल्कि हेरिटेज इमारतों को नुकसान भी नहीं पहुंँचाया जायेगा। केंद्र सरकार के वकील ने यह भी कहा था कि इस समय सभी मंत्रालय कई इमारतों में बिखरे हुये हैं। एक मंत्रालय से दूसरे मंत्रालय जाने के लिये अधिकारियों को वाहन का इस्तेमाल करना पड़ता है। कुछ मंत्रालयों का किराया देने में हर साल सरकार के करोड़ों रुपये खर्च होते हैं। यह कहना गलत है कि सेंट्रल विस्टा के निर्माण में सरकारी धन की बर्बादी हो रही है, बल्कि अब तक होती आ रही धन की बर्बादी को रोकने के लिये यह परियोजना बहुत जरूरी है।

Share This News