अरविंद पाण्डेय द्वारा पिथौरागढ़ भ्रमण के दौरान की गई विकास कार्यों की समीक्षा

न्यूज होम लाइव नेटवर्क
पिथौरागढ़, प्रदेश के माननीय मंत्री माध्यमिक शिक्षा, प्रौढ़ शिक्षा,संस्कृत शिक्षा,खेल,युवा कल्याण एवं पंचायतीराज उत्तराखंड सरकार एवं जनपद प्रभार मंत्री अरविंद पाण्डेय द्वारा एक दिवसीय जनपद पिथौरागढ़ भ्रमण के दौरान सोमवार को विकास भवन सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने माननीय मंत्री जी का स्वागत करते हुए अवगत कराया कि वित्तीय वर्ष 2020-21 में जनपद पिथौरागढ़ में जिला योजना में 47 करोड़ 77 लाख के सापेक्ष पूर्ण धनराशि व्यय कर ली गई है। राज्य योजना में 87 प्रतिशत,केन्द्र पोषित में 95 प्रतिशत तथा बाह्य सहायतित योजना में शत प्रतिशत धनराशि व्यय कर ली गई है। बीस सूत्रीय कार्यक्रम में 22 मदों में से 21 में ए श्रेणी तथा एक मद पीएमजीएसवाई में सी श्रेणी प्राप्त की गई है।
जिले में सभी योजनाओं में बेहतर प्रगति प्राप्त होने पर माननीय जनपद प्रभारी मन्त्री ने प्रशन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी वित्तीय वर्ष हेतु भी इसी प्रकार कार्य करते हुए सभी योजनाओं में शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करें। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ जनता को उपलब्ध कराएं, इस हेतु तत्परता एवं गंभीरता से कार्य किया जाय। माननीय मन्त्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि वह माननीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आगामी वित्तीय वर्ष 2021-22 हेतु जिला योजनाओं के प्रस्तावों पर चर्चा कर प्रस्ताव तैयार करें, ताकि अनुमोदित योजनाओं पर समय से कार्य प्रारंभ किया जाय।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह इस वित्तीय वर्ष में शत प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति हेतु अभी से योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना प्रारंभ करें,ताकि जनता को योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके।
बैठक में अध्यक्ष जिला पंचायत दीपिका बोहरा,विधायक पिथौरागढ़ चंद्रा पंत, गंगोलीहाट मीना गंगोला,अध्यक्ष नगर पालिका पिथौरागढ़ राजेन्द्र रावत,क्षेत्र प्रमुख गंगोलीहाट अर्चना गंगोला, पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत वीरेद्र बोहरा, जिलाधिकारी आनन्द स्वरूप, मुख्य विकास अधिकारी अनुराधा पाल, प्रभागीय वनाधिकारी विनय कुमार भार्गव,पीडी डीआरडीए आशीष पुनेठा,डीडीओ गोपाल गिरी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

