FEATUREDGeneralHealthLatestNewsछत्तीसगढ़

किसान न्याय योजना के प्रति सरकार संकल्पित – सीएम बघेल।

किसान न्याय योजना के प्रति सरकार संकल्पित – सीएम बघेल

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

रायपुर – पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर आज किसान न्याय योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 22 लाख किसानों के खाते में 1500 करोड़ रुपये की नकद सहायता जारी कर दी गई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री निवास में आयोजित एक सादे समारोह में बटन दबाकर इस राशि का वितरण किया। इस समारोह में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी नहीं जुड़े। हालांकि पहले उनके वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये शामिल होने की खबर थी। सीएम भूपेश बघेल ने समारोह के दौरान सोनिया गांधी की ओर से आया लिखित संदेश पढ़ा वहीं कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने राहुल गांधी का संदेश सुनाया। राहुल गांधी ने कहा है कि कांग्रेस के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों और पशुपालकों को प्राथमिकता दे रही है। इसके लिये सरकार बधाई की पात्र है। पीएल पुनिया ने कहा, आर्थिक संकट के समय जारी धनराशि से लोगों के रुके हुये काम हो सकेंगे। आज के आयोजन में 22 लाख किसानों को कृषि इनपुट सहायता की पहली किश्त के 1500 करोड़ रुपये किसानों के खाते में डाले गये। इसके साथ ही गोधन न्याय योजना के तहत 15 मार्च से 15 मई तक पशुपालकों से गोबर खरीदी की राशि 07 करोड़ 17 लाख रुपये और गौठान समितियों व महिला स्व-सहायता समूहों को 03 करोड़ 06 लाख रुपये भी ऑनलाइन ट्रांसफर किया गया। रायपुर के राजीव गांधी चौक पर स्थापित राजीव गांधी की प्रतिमा स्थल की नई साज-सज्जा के बाद लोकार्पण हुआ , जिस पर 50 लाख रुपये खर्च हुये हैं। गोठानों में बना सुपर कम्पोस्ट की एक पैकिंग भी बिक्री के लिये जारी की गई।मुख्यमंत्री और मंत्रियों-अफसरों ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर सीएम बघेल ने कहा बजट के दौरान भूमिहीन किसानों के लिये किसान न्याय योजना की घोषणा की गई थी , उसके प्रति छत्तीसगढ़ सरकार संकल्पित है। समारोह में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव , गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू , कृषिमंत्री रविंद्र चौबे , वनमंत्री मोहम्मद अकबर , नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव डहरिया , स्कूल शिक्षामंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम , खाद्यमंत्री अमरजीत भगत , महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया , उद्योग मंत्री कवासी लखमा , राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल , उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरू रूद्रकुमार भी मौजूद रहे। सांसदों-विधायकाें और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समारोह में शिरकत की।

पिछले वर्ष शुरू हुई थी दोनो योजना

गौरतलब है कि धान उत्पादक किसानों को बोनस बंद होने के बाद राज्य सरकार ने 21 मई 2020 को राजीव गांधी की पूण्यतिथि पर किसान न्याय योजना शुरू की थी। इस योजना के तहत खरीफ सीजन 2019-20 में पंजीकृत लगभग 19 लाख किसानों को कृषि आदान सहायता के रूप में 05 हजार 628 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी गई थी। इस वर्ष इस योजना के लिये 05 हजार 800 करोड़ रुपए की व्यवस्था है। इसके अलावा राज्य सरकार ने पिछले वर्ष गोबर खरीदी की एक योजना शुरू की थी। गत20 जुलाई 2020 हरेली पर्व के दिन से गोधन न्याय योजना नाम से खरीदी की शुरुआत हुई। इसके तहत राज्य के पशुपालकों एवं ग्रामीणों को अब तक कुल 88 करोड़ 15 लाख रूपये का भुगतान किया जा चुका है।

Share This News