शङ्कराचार्य गुरुकुलम् के बटुकों का यज्ञोपवित संस्कार सम्पन्न।

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
नरसिंहपुर – जगद्गुरु शङ्कराचार्य गुरुकुलम् परमहंसी झोतेश्वर मध्यप्रदेश में अध्यनरत 108 विद्यार्थियों का उपनयन संस्कार शङ्कराचार्य आश्रम त्रिपुरालय परमहंसी में सम्पन्न हुआ , जिसमें जगद्गुरु शङ्कराचार्य स्वामी स्वरूपानन्द सरस्वती महाराज के आज्ञानुसार स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती ने छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा से पहुँचे शङ्कराचार्य जी के कृपापात्र शिष्य पण्डित देवदत्त दुबे को 108 बटुकों के उपनयन संस्कार में अपनी ओर से अभिभावक प्रतिनिधि नियुक्त करते हुये यज्ञोपवित संस्कार विधि सम्पन्न करने आदेशित किया। इस अवसर पर कवर्धा छत्तीसगढ़ से शङ्कराचार्य जन कल्याण न्यास के प्रबंध ट्रस्टी चन्द्रप्रकाश उपाध्याय , हरेकृष्ण शुक्ला एवं बंटी तिवारी सहित 108 बटुकों के माता – पिता एवं भारी संख्या में श्रद्धालु , दर्शनार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती ने कहा कि शङ्कराचार्य जगद्गुरु कुलम् में अध्ययनरत किसी विद्यार्थी के पालक से कक्षा बारहवीं तक की पढ़ाई तक एक रूपये भी नही लिया जायेगा।उन्होंने आगे कहा गुरूजी की मंशानुरूप यह निर्णय लिया गया है कि गुरुकुलम् के प्रत्येक विद्यार्थी को निःशुल्क शिक्षा , भोजन एवं आवास की सुविधा दी जावेगी। वहीं देवदत्त दुबे ने अपने आपको सौभाग्यवान मानते हुये जगद्गुरु शङ्कराचार्य एवं स्वामी के प्रति कृतज्ञता जाहिर करते हुये कहा कि इतने बड़े आयोजन में ऊनकी ओर से 108 बटुकों के अभिभावक प्रतिनिधि बनना सहसपुर लोहारा कवर्धा ही नही बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिये गौरव और सम्मान की बात है।

