रानिल विक्रमसिंघे ने ली श्रीलंका के कार्यवाहक राष्ट्रपति की शपथ।

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
कोलंबो (श्रीलंका) – श्रीलंका में जारी आर्थिक और राजनीतिक संकट के बीच गोटाबाया राजपक्षे का उत्तराधिकारी चुने जाने तक रानिल विक्रमसिंघे को देश का कार्यवाहक राष्ट्रपति बना दिया गया है। उन्होंने आज श्रीलंका के कार्यवाहक राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली है। गोटाबाया राजपक्षे के इस्तीफा देने के बाद विक्रमसिंघे अब देश के नये कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में तब तक भूमिका निभायेंगे जब तक गोटाबाया राजपक्षे का उत्तराधिकारी नहीं चुना जाता है। अब ऐसा माना जा रहा है कि विक्रमसिंघे अपनी शक्तियों का उपयोग करते हुये आपातकाल की घोषणा कर सकते हैं। वहीं श्रीलंका की संसद के अध्यक्ष महिंदा यापा अभयवर्धने ने बताया कि गोटबाया राजपक्षे का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है। आगे की कार्यवाही के लिये कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नया राष्ट्रपति चुने जाने तक प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में काम करेंगे। साथ ही नये राष्ट्रपति को चुनने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है , यह प्रक्रिया सात दिन के भीतर पूरी होने की उम्मीद है। स्पीकर अभयवर्धने ने जनता से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण माहौल बनायें जिससे सभी सांसद नये राष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया में भाग ले सकें। उन्होंने आम लोगों के साथ ही सभी पार्टियों के नेताओं , सुरक्षा अधिकारियों से भी अपील की है कि वे सभी सहयोग करें।

