आदर्श गांव बनाया जाएगा ढनौला सेरा विधायक टम्टा

एनएचएल नेटवर्क संवाददाता।
बेरीनाग। पिथौरागढ़ और बागेश्वर सीमा पर स्थित गंगोलीहाट विधानसभा का पहला गांव ढनौला सेरा में ग्रामीणों ने सडक नहीं होने से आंदोलन की चेतावनी देने के साथ ही स्वयं के संसाधनों से सड़क निर्माण करने की बात कही थी। यह जानकारी मिलते ही विधायक फकीर राम टम्टा गांव में पहुंचे और विधायक निधि से दो किलोमीटर सड़क कार्य को जेसीबी मशीन लगाकर शुरू करने के साथ सड़क निर्माण कार्य का उदघाटन कर दिया। उदघाटन होते ही ग्रामीणों ने विधायक का फूल मालाओं और ढोल नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। ग्रामीणों ने कहा कि आजादी सात दशक के बाद भी गांव विकास से कोसों दूर है जिससे गांव से लगातार पलायन हो रहा है। इस मौके पर विधायक फकीर राम टम्टा ने कहा कि गंगोलीहाट विधानसभा के पहले गांव ढनौला सेरा गांव को आदर्श गांव बनाया जायेगा। यहां पर विकास लगातार किया जायेगा। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष जगदीश मेहता, बेरीनाग नगर मंडल अध्यक्ष इन्द्र धानिक, बसंत मिश्रा, नंदन सिंह, जगदीश सिंह, सौरभ मेहरा सहित आदि मौजूद थे। गांव में सड़क का निर्माण होने से बागेश्वर जिला मुख्यालय पहुंचने में इस क्षेत्र के ग्रामीणों को एक घंटे से भी कम समय लगेगा।

