प्रवेश से वंचित नहीं रहेगा कोई छात्र, समर्थ पोर्टल में पंजीकरण की तिथि बढ़ाई।

एनएचएल नेटवर्क।
देहरादून। उच्च शिक्षा के अंतर्गत प्रदेश के समस्त शासकीय, अशासकीय, निजी महाविद्यालयों एवं राज्य विश्वविद्यालयों में स्नातक प्रथम सेमेस्टर हेतु ऑनलाइन पंजीकरण की तिथि बढ़ा दी गई है। अब नव प्रवेशित छात्र-छात्राएं समर्थ पोर्टल पर आगामी 14 जून तक अपना ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को निर्देश दे दिये हैं।
डा. रावत ने स्नातक कक्षाओं में प्रवेश से वंचित रह गये छात्र-छात्राओं को प्रवेश के लिये समर्थ पोर्टल को एक बार पुनः खोलने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उच्च शिक्षा ग्रहण करने से किसी भी युवा को वंचित नहीं रखा जायेगा। सूबे के राज्य विश्वविद्यालयों एवं उनसे सम्बद्ध समस्त शासकीय, अशासकीय एवं निजी महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिये स्नातक प्रथम सेमेस्टर हेतु ऑनलाइन पंजीकरण की तिथि को 14 जून तक बढ़ा दिया गया है। जिन छात्र-छात्राओं ने स्नातक कक्षाओं में ऑनलाइन पंजीकरण नहीं किया था, उनके पास ऑनलाइन आवेदन करने का एक और मौका है।

