उत्तराखंड में तीन दिन और मौसम शुष्क रहने के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना।

एनएचएल नेटवर्क।
देहरादून।उत्तराखंड में तीन दिन और मौसम शुष्क रहने के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तराखंड राज्य में 8 अप्रैल को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिसके चलते 8 अप्रैल से 10 अप्रैल तक प्रदेश के विभिन्न जनपदों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।
उत्तराखंड मौसम पूर्वानुमान……
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉक्टर विक्रम सिंह ने मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि आज 5 अप्रैल शनिवार को उत्तराखंड राज्य के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा। उन्होंने बताया 6 और 7 अप्रैल को भी प्रदेश के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं मैदानी इलाकों में तापमान में तेजी से वृद्धि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 8 अप्रैल को उत्तराखंड राज्य के पांच पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, चमोली ,रुद्रप्रयाग ,पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं हल्की वर्षा की संभावना है। जबकि अन्य जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा। 9 और 10 अप्रैल को झमाझम बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि 9 और 10 अप्रैल को उत्तराखंड राज्य के 11 जिलों चमोली, उत्तरकाशी ,रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ , बागेश्वर ,चंपावत ,टिहरी ,पौड़ी ,देहरादून , अल्मोड़ा और बागेश्वर के अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। जबकि उधम सिंह नगर और हरिद्वार जिले में मौसम शुष्क रह सकता है। 11 जिलों में बारिश के बाद गर्मी से राहत मिलने के साथ ही पर्वतीय इलाकों में जल स्रोतों के रिचार्ज होने का अनुमान है, जिससे जल संकट की स्थिति में कुछ सुधार होने की संभावना है।

