डीडीहाट में भूस्खलन से आवासीय मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त, हादसे में मंजू गैड़ा की दबने से मौत।

एनएचएल नेटवर्क।
डीडीहाट में भूस्खलन से आवासीय मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त, हादसे में मंजू गैड़ा की दबने से मौत।
डीडीहाट नगर पालिका क्षेत्र में भूस्खलन, प्रशासन, NDRF, SDRF, ITBP, SSB व पुलिस का संयुक्त रेस्क्यू अभियान
डीडीहाट।विगत दो दिनों से हो रही तेज बारिश के बाद आज प्रातः लगभग 7 बजे डीडीहाट नगर पालिका के पोस्ट ऑफिस वार्ड अंतर्गत लोहार गांव में भूस्खलन की घटना घटी, जिसमें एक आवासीय मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में मंजू गैड़ा (उम्र 50 वर्ष), पत्नी स्व. जगदीश सिंह गैड़ा मलबे में दबने से दुखद निधन हो गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, एसएसबी तथा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा तत्काल रेस्क्यू कार्य आरंभ किया गया। जिलाधिकारी पिथौरागढ़ विनोद गोस्वामी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार से भेंटकर ढांढस बाधाया और हरसंभव सहयोग हेतु आश्वासन दिया।लगातार प्रयासों के उपरांत लगभग 12 बजे मृतका का शव मलबे से बरामद किया गया। रेस्क्यू के दौरान एक मृत गाय, एक मृत बकरी तथा दो जीवित बकरियों को भी बाहर निकाला गया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल भेजा गया है।

जिलाधिकारी ने राहत एवं बचाव कार्य में शामिल सभी एजेंसियों—प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, एसएसबी तथा पुलिस—के उत्कृष्ट समन्वय व त्वरित कार्रवाई की सराहना की और धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों की इस कार्य में सक्रिय भागीदारी की भी विशेष प्रशंसा की और धन्यवाद दिया।
बताया गया कि मृतका ने मालवा आता देख अपने पशुओं को बचाने हेतु मकान में प्रवेश किया और अपने बधे पशुओं को खोलने लगी और इसी दौरान मलवे से पूरा मकान दब गया, वह भी मलवे में दब गई और उनकी मृत्यु हो गई। प्रशासन द्वारा भूस्खलन में हुई हानि का आंकलन किया जा रहा है और परिवार को मदद हेतु काम किया जा रहा है।
आपदा की स्थिति को देखते हुए नगर पालिका क्षेत्र से 20-25 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है और ग्रामीण क्षेत्र में 5-7 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने क्षतिग्रस्त विद्यालय आंगन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पालिका, पीएमजीएसवाई एवं लोक निर्माण विभाग को विद्यालय प्रांगण में कंक्रीट की मजबूत दीवार निर्माण हेतु शीघ्र योजना बनाकर कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही, जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को सड़कों पर जमा मलबा तत्काल हटाने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी डीडीहाट खुशबू पाण्डेय, तहसीलदार पिंकी आर्या, नगर पालिका परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

