FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhandमुनस्यारी

डॉ० रिफाकत अली के शैक्षणिक भ्रमण से महाविद्यालय लौटने पर महाविद्यालय प्राचार्य एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने किया स्वागत।

एनएचएल नेटवर्क।

मुनस्यारी।  उच्च शिक्षा विभाग उत्तराखंड की मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन एवं ज्ञानवर्धन प्रशिक्षण योजना (शैक्षिक भ्रमण योजना) के अंतर्गत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मुनस्यारी  के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ० रिफाकत अली ने दिनांक 15 सितंबर 2025 से 20 सितंबर 2025 तक जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस शैक्षिक भ्रमण में उत्तराखंड के विभिन्न राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों से, अलग-अलग विषयों का प्रतिनिधित्व करते हुए, कुल 40 प्राध्यापक सम्मिलित हुए । इस दौरान प्रतिभागियों ने विश्वविद्यालय की कक्षाओं, पुस्तकालय एवं विभिन्न संकायों का अवलोकन किया, छात्रों से संवाद किया तथा वहां की शिक्षण पद्धति, शैक्षणिक संस्कृति और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को निकट से समझा। इस भ्रमण के माध्यम से प्रतिभागियों ने न केवल अपने ज्ञानवर्धन और शोध दृष्टि के उद्देश्य की पूर्ति की, बल्कि यह भी अनुभव किया कि इन जानकारियों और अनुभवों को अपने-अपने महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों में लागू कर शिक्षा की गुणवत्ता और प्रभावशीलता को और बेहतर बनाया जा सकता है। जेएनयू के प्रख्यात प्रोफेसरों द्वारा भारतीय ज्ञान परंपरा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और शोध की नई दिशाओं जैसे विषयों पर व्याख्यान आयोजित किए गए। इन व्याख्यानों से प्रतिभागियों को ज्ञानवर्धक अनुभव प्राप्त हुआ, जो उनके शोध कार्यों में सहायक सिद्ध होगा । डॉ० रिफाकत अली तथा अन्य प्राध्यापकों ने जेएनयू के राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. हिमांशु रॉय से भी भेंट की और उनके मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के विषय में विचार-विमर्श किया। प्रो. हिमांशु रॉय तथा अन्य प्राध्यापकों से भी विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था व शोध पद्धति के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की । अकादमिक गतिविधियों के अतिरिक्त, शिष्टमंडल ने दिल्ली के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक स्थलों—कुतुब मीनार, लाल किला, हुमायूं का मकबरा, इंडिया गेट, लोटस टेंपल, अक्षरधाम और राष्ट्रीय संग्रहालय—का भी भ्रमण किया तथा प्राचीन भारतीय सभ्यता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां अर्जित की । इस पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अरुण कुमार चतुर्वेदी (हल्दुचौड़) के संयोजन में संपन्न हुआ । इस शैक्षणिक भ्रमण के आयोजन के लिए डॉ० रिफाकत अली ने माननीय मुख्यमंत्री, माननीय उच्च शिक्षा मंत्री, सचिव, उच्च शिक्षा विभाग उत्तराखंड सरकार, निदेशक, उच्च शिक्षा एवं महाविद्यालय प्राचार्य को हृदय से आभार प्रकट किया ।
डॉ० रिफाकत अली के शैक्षणिक भ्रमण से महाविद्यालय लौटने पर महाविद्यालय प्राचार्य एवं महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों ने स्वागत किया ।

Share This News