FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

पिथौरागढ़: निर्माणाधीन एसटीपी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश, डीएम ने की जिला गंगा सुरक्षा समिति की बैठक।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

​पिथौरागढ़।, जिला कार्यालय सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में जिला गंगा सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) परियोजनाओं की प्रगति, सीवेज प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था और कूड़ा निस्तारण से जुड़े कार्यों की गहन समीक्षा की गई।

​बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से एसटीपी परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जलस्रोतों के संरक्षण और बेहतर सीवेज प्रबंधन के लिए एसटीपी परियोजनाएं बेहद अहम हैं, इसलिए इनके निर्माण व संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने की हिदायत दी।

​खुले में कूड़ा फेंकने पर लगेगी रोक, गाड़-गधेरों की होगी मैपिंग

जनपद में कूड़ा एकत्रीकरण एवं निस्तारण प्रणाली को प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कूड़ा केवल निर्धारित और चिह्नित स्थलों पर ही व्यवस्थित तरीके से एकत्र किया जाए और उसका वैज्ञानिक पद्धति से निस्तारण सुनिश्चित हो। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर नियमित सफाई रखने तथा खुले में कचरा फेंकने वालों पर प्रभावी रोक लगाने के आदेश दिए। इसके साथ ही नालों व जलस्रोतों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने को कहा।

​बायो मेडिकल वेस्ट और डंपिंग जोन के लिए भूमि चयन के निर्देश

बैठक में जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को निर्देशित किया कि यदि जनपद के गाड़-गधेरों में अनियोजित तरीके से कचरा डाला जा रहा है, तो ऐसे क्षेत्रों को चिह्नित कर उनकी मैपिंग की जाए। उन्होंने नगर क्षेत्रों के कूड़ा प्रबंधन के लिए लंबित स्थल चिह्नीकरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। इसके अलावा, बायो मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण के लिए भी उपयुक्त स्थान चयनित करने के निर्देश दिए गए।

​बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) दीपक सिंह सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share This News