FEATUREDGeneralLatestNewsppदिल्लीराज्य

क्या हम अपने भीतर के रावण को जला पा रहे है, जितेन्द्र कुशवाहा।

एनएचएल नेटवर्क।

नई दिल्ली। देशभर में विजयदशमी का पर्व बड़े हर्ष और उत्साह के साथ मनाया गया। जगह-जगह रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन हुआ और लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत का जश्न मनाया। लेकिन इस उत्सव के बीच एक बड़ा सवाल खड़ा होता है—क्या हम सच में अपने भीतर के रावण को जला पा रहे हैं?

समाजसेवी जितेन्द्र कुशवाहा का कहना है कि पुतला जलाना आसान है, लेकिन इंसान के भीतर छिपे लालच, वासना, अहंकार, ईर्ष्या और क्रोध जैसे रावण को खत्म करना सबसे कठिन काम है। उन्होंने कहा कि देश और गाँवों में आए दिन अपहरण, लूट, हत्या, बलात्कार और भ्रष्टाचार जैसी घटनाएँ यह साबित करती हैं कि असली रावण अब भी हमारे समाज में जीवित है।

उन्होंने कहा कि अगर हम हर साल केवल पुतला जलाकर खुश होते रहेंगे, लेकिन अपने भीतर झाँककर नहीं देखेंगे, तो दशहरे का असली संदेश अधूरा रह जाएगा। “रावण दहन का मकसद सिर्फ आतिशबाज़ी या मनोरंजन नहीं है, बल्कि आत्मचिंतन और आत्मशुद्धि का अवसर है। यदि हर व्यक्ति यह ठान ले कि इस विजयदशमी पर वह अपने अंदर की एक बुराई को खत्म करेगा, तभी समाज से अपराध और अन्याय मिटेंगे,” कुशवाहा ने कहा।

समाजसेवी ने यह भी अपील की कि लोग दशहरे को केवल परंपरा न मानें, बल्कि इसे प्रेरणा का पर्व बनाएं। “जब तक हम अपने अंदर के रावण को नहीं जलाएँगे, तब तक बाहर का रावण जलाने का कोई फायदा नहीं है। असली विजयदशमी तभी होगी जब इंसान खुद से लड़े और अपनी बुराइयों पर विजय प्राप्त करे।”

Share This News