जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित।

एनएचएल नेटवर्क।
पिथौरागढ़, कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिला प्रशासन, पिथौरागढ़ की ओर से जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी, IAS के स्थानांतरण के अवसर पर उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक नेतृत्व, कुशल कार्यशैली एवं समर्पित सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम से अंत में जिलाधिकारी को पुलिस विभाग द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी देकर विदा किया गया।
समारोह के दौरान गोस्वामी ने जनपद पिथौरागढ़ में अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न पदों पर एवं विशेषकर जिलाधिकारी के रूप में विगत 13 माह में किए गए महत्वपूर्ण कार्यों और अनुभवों को साझा किया। उन्होंने पहाड़ी जनपदों की भौगोलिक और सामाजिक चुनौतियों के बीच प्रशासनिक संतुलन बनाए रखने के अपने अनुभवों को भी रेखांकित किया। “जिलाधिकारी गोस्वामी ने पहाड़ की जमीनी समस्याओं को नजदीक से समझकर जिस तरह समाधान निकाले, वह इस बात की मिसाल है कि पहाड़ में तैनात एक जिलाधिकारी कैसा होना चाहिए।”
इस अवसर पर जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं राजस्व विभाग के कर्मियों ने गोस्वामी के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उनकी नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और समाधानमूलक दृष्टिकोण की सराहना कर भविष्य में भी इसी तरह काम करते रहने और अच्छे स्वास्थ्य की मंगल कामना की।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी गोस्वामी ने कवि शिवमंगल सिंह ‘सुमन’ की प्रसिद्ध कविता “जिस-जिससे पथ पर स्नेह मिला” के माध्यम से भावपूर्ण समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि “जीवन एक अनिश्चित पथ है, जिसमें अनेक लोगों से अनायास ही मिलन होता है। यह यात्रा सुख-दुःख के संग-साथ चलती है और प्रत्येक मोड़ पर नई चुनौतियाँ सामने आती हैं। इन सबके बीच जिन लोगों का साथ और स्नेह मिला, उनके प्रति मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।”
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, समस्त उपजिलाधिकारीगण, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारीगण, कलेक्ट्रेट परिवार के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सभी ने गोस्वामी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।

