FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandदेहरादूनमौसम

कंपकंपाती ठंड और घना कोहरे के बीच मौसम विभाग ने जारी किया  अलर्ट।

एनएचएल नेटवर्क।

देहरादून। उत्तराखंड में इन दिनों पहाड़ से लेकर मैदान तक कड़ाके की ठंड का असर देखने को मिल रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है। पर्वतीय जिलों में सुबह के समय कोहरा छाया रहता है, जबकि दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिलती है। वहीं मैदानी इलाकों में घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। सुबह और शाम की ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा लेते नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, जबकि 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, देहरादून और पौड़ी के मैदानी क्षेत्रों में शीत दिवस और घने कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून में आज मौसम मुख्यतः साफ रहेगा, हालांकि आंशिक बादल और कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

Share This News