स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत।
एनएचएल नेटवर्क,
गंगोलीहाट । तहसील मुख्यालय से 18 किलोमीटर पोखरी भेरग के ग्राम बोयल में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया है। जानकारी के अनुसार स्विफ्ट कार संख्या यूके-05 टीए-5117 ग्राम बोयल के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से खाई में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में 36 वर्षीय भोपाल सिंह पुत्र शेर सिंह, निवासी ग्राम बोयल की मौत हो गयी। वहीं शिवनाथ को गंभीर हालत में रेस्क्यू किया गया। पुलिस द्वारा घायल शिवनाथ को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोलीहाट भेजा गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।



