महाविद्यालय में यूकोस्ट के सहयोग से “बौद्धिक सम्पदा का अधिकार” पर जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन।

एनएचएल नेटवर्क📡
बेरीनाग। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम. पाण्डेय की अध्यक्षता में यूकोस्ट के सहयोग से “बौद्धिक सम्पदा का अधिकार” विषय पर जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रसायन विज्ञान विभाग के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व निदेशक (उच्च शिक्षा), उत्तराखंड प्रोफेसर सी.डी. सूंठा ने किया। कार्यक्रम के आरंभ में रसायन विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर कार्यक्रम समन्वयक डॉ. बी. एस. बिष्ट ने मुख्य अतिथि समेत समस्त आमंत्रित वक्ताओं तथा प्रतिभागियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रोफेसर सूंठा ने बौद्धिक संपदा के अधिकार के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालकर समस्त प्रतिभागियों का ज्ञानवर्धन किया। उन्होंने बताया की बौद्धिक संपदा अधिकार की जानकारी सृजनशीलता को संरक्षण प्रदान करती है तथा नवाचार को आगे बढ़ाने में सहयोग करती है। उन्होंने पेटेंट, कॉपीराइट, ट्रेडमार्क, और डिज़ाइन की जानकारी के साथ-साथ इंडस्ट्रियल राइट्स के बारे में विस्तार से चर्चा की। नॉलेज इकॉनमी, वर्चुअल इकॉनमी तथा पेटेंट अथॉरिटी पर चर्चा करने के साथ-साथ उन्होंने ज्ञान, शोध एवं सृजनशीलता को संरक्षित रखना शिक्षा जगत की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताया। कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ता के रूप में डॉ. हेमंत कुमार जोशी, असिस्टेंट प्रोफेसर एन. पी.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज, पिथौरागढ़ रहे। डॉ. जोशी ने बौद्धिक सम्पदा के अधिकार में पेटेंट, इंडस्ट्रियल डिज़ाइन, प्लांट वैरायटी, इन्वेंशन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पेटेंट रजिस्ट्रेशन की विधियों को बड़े ही आसान तरीके से समझाया। विशिष्ट वक्ता के रुप में आभासी रूप से जुड़े हुए डी. एस. बी. कैंपस (के.यू.), नैनीताल के प्रोफेसर रितेश शाह ने आई. पी. आर. के महत्व पर प्रकाश डालते हुए “जी.आई. टैगिंग, ट्रेडमार्क आदि पर व्यापक व्याख्यान दिया। कार्यक्रम में डॉ. महेश विश्वकर्मा, डॉ. प्रमेश टम्टा, डॉ. विशाल टम्टा ने सराहनीय भूमिका निभाई। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम.पाण्डेय ने बौद्धिक संपदा के अधिकार पर आयोजित इस कार्यशाला को अति प्रासंगिक बताया। उन्होंने इस कार्यक्रम के आयोजक मंडल को कार्यक्रम के सफलतापूर्वक समापन पर बधाई दी। कार्यक्रम के अंत में आयोजन सचिव डॉ. जे.एन. पंत ने मुख्य अतिथि, मुख्य वक्ता, विशिष्ट वक्ता समेत समस्त प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लीलाधर मिश्र तथा डॉ. रश्मि सेलवाल ने किया।कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, अन्य महाविद्यालय के प्राध्यापक(आभासी रूप से) तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

