सात दिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस में रनिंग सेशन आयोजित किया गया।

एनएचएल नेटवर्क📡
मुनस्यारी। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस में प्रातःकालीन शिविरार्थियों ने अपने दिन की शुरुआत ऊर्जा और उत्साह के साथ की। सुबह के सत्र में एक रनिंग सेशन आयोजित किया गया, जिसमें डॉ. प्रशांत जोशी (असिस्टेंट प्रोफेसर) द्वारा शिविरार्थियों को दौड़ के लिए डानाधार क्षेत्र तक ले जाया गया। इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन और टीम भावना को विकसित करना था। कैंप स्थल पर वापस पहुँचने के बाद शिविरार्थियों ने अपनी दैनिक दिनचर्या पूरी की। इसके बाद सरमोली गाँव में एक स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान के अंतर्गत गाँव के दो सार्वजनिक स्थलों की सफाई की गई। शिविरार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सफाई कार्य किया तथा गाँव के लोगों से जनसंपर्क स्थापित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने गाँव की महिलाओं से बातचीत कर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी फैलायी।
स्वच्छता अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने प्लास्टिक कचरे के निस्तारण के लिए एक सराहनीय पहल भी की। उन्होंने प्लास्टिक की खाली बोतलों में प्लास्टिक कचरा भरकर उसके उचित प्रबंधन का एक व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किया। इस प्रयास के माध्यम से उन्होंने प्लास्टिक के अपघटन की दिशा में एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया।
कार्यक्रम के सुचारू संचालन में एन. एस. एस. नोडल अधिकारी सुश्री निधि मारौठिया सहित समिति की सदस्य दुर्गेश कुमार शुक्ला तथा डॉ. पुष्पा कालाकोटी की सक्रिय भागीदारी रही।

