उच्च शिक्षा विभाग,उत्तराखंड,हल्द्वानी द्वारा ‘मुख्यमंत्री-उच्च शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन एवं ज्ञानवर्धन प्रशिक्षण योजना’ के अंतर्गत काशी हिंदू विश्वविद्यालय में आयोजित शैक्षिक भ्रमण का तीसरा दिवस सम्पन्न।

हल्द्वानी संवाददाता।
हल्द्वानी । उच्च शिक्षा विभाग,उत्तराखंड हल्द्वानी (नैनीताल) द्वारा ‘मुख्यमंत्री-उच्च शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन एवं ज्ञानवर्धन प्रशिक्षण योजना’ के अंतर्गत काशी हिंदू विश्वविद्यालय में आयोजित शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम का तृतीय दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
दिवस के प्रथम सत्र में प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहे शिक्षकों ने वर्ष 1920 में स्थापित प्रसिद्ध संग्रहालय *’भारत कला भवन’* का अवलोकन किया। जिसके अंतर्गत
प्रतिभागियों ने हड़प्पा सभ्यता से लेकर गुप्त एवं उत्तर-गुप्त काल तक की दुर्लभ मृण्मूर्तियों और कलाकृतियों का परिचय प्राप्त किया।साथ
ही ’निधि वीथिका संग्रहालय’ में स्थित भारतीय संस्कृति की दुर्लभ वस्तुओं का अवलोकन किया।

तत्पश्चात 12वीं से 20वीं सदी के लघु चित्रों, ‘निकोलस रोरिक वीथिका’ तथा महामना जी की जीवन-यात्रा पर आधारित ‘मालवीय वीथिका’ का भ्रमण किया गया।
संग्रहालय निदेशक प्रो. श्रीरूप रायचौधरी एवं उप-निदेशक डॉ. निशांत के संरक्षण में सहायक संग्रहाध्यक्ष डॉ. दीपक भरथन अलथुर व डॉ. देवेंद्र बहादुर सिंह ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। अंत में डॉ. अंचलेश कुमार ने समस्त प्रतिभागी दल की ओर से ‘भारत कला भवन’ परिवार का आभार व्यक्त किया।
द्वितीय सत्र में शिक्षकों के दल ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित *दृश्य कला संकाय* का भ्रमण किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य बीएचयू की कलात्मक परंपरा और आधुनिक कला नवाचारों का प्रत्यक्ष अध्ययन करना था।
भ्रमण के दौरान दल ने प्रोफेसर मनीष अरोड़ा के मार्गदर्शन में संकाय के विभिन्न विभागों चित्रकला , मूर्तिकला और टेक्सटाइल डिजाइन का अवलोकन किया व छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों, और लाइव स्केचिंग में प्रयोग की जा रही तकनीकों को बारीकी से देखा।
इसी क्रम में प्रतिभागियों ने *संगीत एवं मंच कला संकाय* का भ्रमण किया।जहाँ उन्होंने संगीत शास्त्र विभाग,गायन,वादन व नृत्य की विभिन्न शैलियों के विषय में जानकारी प्राप्त की।विभागाध्यक्ष प्रोफेसर संगीता पंडित के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में संगीत एवं मंच कला संकाय के छात्र-छात्राओं द्वारा गायन एवं वादन की सुंदर प्रस्तुति दी गई।अंत में प्रशिक्षण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. अजीत कुमार सैनी द्वारा संगीत एवं मंच कला संकाय का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
गंगा तट पर आयोजित भव्य महाआरती के साथ शैक्षणिक भ्रमण के तृतीय दिवस का समापन हुआ।

