थराली विधायक भूपाल राम टम्टा के प्रयासों से देवाल कौथिग समेत 3 मेले राजकीय घोषित, क्षेत्र में खुशी की लहर।

थराली/देवाल (हरेंद्र बिष्ट):
थराली विधानसभा क्षेत्र को एक बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र के प्राचीन देवाल कौथिग समेत तीन प्रमुख मेलों को प्रदेश सरकार द्वारा राजकीय मेला घोषित कर दिया गया है। मेलों को राजकीय दर्जा मिलने पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है, वहीं देवाल क्षेत्र की जनता ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विधायक का जोरदार स्वागत किया।
विधायक भूपाल राम टम्टा ने बताया कि प्राचीन देवाल कौथिग के अतिरिक्त देवाल विकासखंड के लोहाजंग में आयोजित होने वाले ‘पूर्व विधायक स्व. शेर सिंह दानू स्मृति मेला’ तथा नंदानगर विकासखंड के ‘बेरासकुंड़ मेले’ को राजकीय मेले का दर्जा दिया गया है।
विकासखंड कार्यालय देवाल में आयोजित हुआ आभार कार्यक्रम
देवाल कौथिग एवं लोहाजंग मेले को राजकीय दर्जा मिलने की खुशी में देवाल विकासखंड कार्यालय में एक भव्य आभार एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विधायक भूपाल राम टम्टा का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया। वक्ताओं ने कहा कि विधायक के अथक प्रयासों से ही एक साथ दो मेलों को राजकीय दर्जा मिल सका है, जो क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम में देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत, देवाल कौथिग मेला समिति के अध्यक्ष लखन रावत, पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, युवा मोर्चा अध्यक्ष विनायक मिश्रा, किसान मोर्चा अध्यक्ष धीरेंद्र बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह रावत, गणेश मिश्रा एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख नंदा देवी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार व्यक्त किए और मुख्यमंत्री व स्थानीय विधायक का धन्यवाद ज्ञापित किया।

