उत्तराखंड में ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ की तैयारी: प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए घर बैठे मिलेगी निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग।

देहरादून संवाददाता।
देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जल्द ही एक बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। प्रदेश सरकार जल्द ही ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ करने जा रही है। इस योजना के तहत राज्य के विद्यार्थियों को घर बैठे निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस योजना की आधिकारिक शुरुआत करेंगे।
इस योजना का प्राथमिक उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने का अवसर प्रदान करना है। योजना का लाभ उत्तराखंड के विश्वविद्यालयों और सहायता प्राप्त (एडेड) महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं को मिलेगा।
इन परीक्षाओं की मिलेगी तैयारी:
सिविल एवं प्रशासनिक सेवाएँ: UPSC और State PCS
रक्षा सेवाएँ: CDS
अन्य प्रतियोगी परीक्षाएँ: बैंकिंग, रेलवे और SSC
प्रवेश एवं पात्रता परीक्षाएँ: CAT, MAT, GATE, UGC NET और CSIR NET
हाल ही में विधानसभा के ग्रीष्मकालीन सत्र के दौरान गैरसैंण में आयोजित कैबिनेट बैठक में इस योजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई थी। अब शासन की ओर से इसे धरातल पर उतारने के लिए तेजी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं।
पर्वतीय क्षेत्र के युवाओं को मिलेगा सबसे बड़ा लाभ
यह योजना विशेष रूप से राज्य के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी। महंगी कोचिंग फीस और पढ़ाई के लिए देहरादून या अन्य बड़े शहरों में रहने का खर्च न उठा पाने वाले छात्रों को अब घर बैठे ही गुणवत्तापूर्ण तैयारी करने का मौका मिलेगा। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से प्रदेश के युवाओं के प्रदर्शन में सुधार होगा और उनके लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

