नंदादेवी बड़ीजात यात्रा 2026 की तिथियाँ घोषित, 5 सितंबर से शुरू होगी विश्व की कठिनतम यात्रा।

संवाददाता हरेंद्र बिष्ट।
थराली / नंदानगर (उत्तराखंड) विश्व की सबसे लंबी और कठिन पैदल यात्राओं में शुमार श्री नंदादेवी बड़ीजात यात्रा 2026 के आयोजन को लेकर बना संशय अब पूरी तरह समाप्त हो गया है। नंदादेवी बड़ीजात यात्रा आयोजन समिति (कुरूड़) ने स्पष्ट किया है कि यात्रा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही अत्यंत भव्य रूप से आयोजित की जाएगी।
यह यात्रा 5 सितंबर 2026 को नंदा सिद्धपीठ कुरूड़ से शुरू होगी और 30 सितंबर 2026 को नंदा सिद्धपीठ देवराड़ा (थराली) में उत्सव डोली के गर्भगृह में विराजमान होने के साथ संपन्न होगी।
भ्रम की स्थिति हुई दूर
उल्लेखनीय है कि बसंत पंचमी के अवसर पर नंदादेवी सिद्धपीठ कुरूड़ और मुख्य पुजारियों (गौड़ ब्राह्मणों) द्वारा वर्ष 2026 के लिए यात्रा कार्यक्रम की घोषणा की गई थी। हालांकि, इस बीच नंदादेवी राजजात समिति (नौटी) द्वारा राजजात को 2027 में आयोजित करने का ऐलान किए जाने से श्रद्धालुओं के बीच असमंजस बन गया था।
सिद्धपीठ कुरूड़ में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, गौड़ ब्राह्मणों एवं हक-हकूकधारियों ने एक स्वर में पूर्व घोषित तिथियों पर ही यात्रा संपन्न कराने का निर्णय लिया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष पूर्व कर्नल हरेंद्र सिंह रावत ने बताया:
”बड़ीजात यात्रा को लेकर शासन एवं प्रशासन को समय सारणी और आवश्यक सूचना पहले ही प्रेषित की जा चुकी है। क्षेत्रवासियों और हक-हकूकधारियों के सहयोग से यात्रा की तैयारियां बड़े स्तर पर तेजी से जारी हैं।”
🗺️ यात्रा का प्रमुख पड़ाव व कार्यक्रम (शेड्यूल)
5 सितंबर: नंदा सिद्धपीठ कुरूड़ से यात्रा का भव्य शुभारंभ।
12 सितंबर: नंदकेशरी पड़ाव — जहाँ गढ़वाल और कुमाऊं की संस्कृतियों व यात्राओं का ऐतिहासिक मिलन होगा।
15 सितंबर: लाटू सिद्धपीठ (वांण गांव) — नंदादेवी की अपने धर्म-भाई लाटू देवता से भावुक भेंट।
16 सितंबर: निर्जन पड़ाव गैरोलीपातल आगमन।
20 सितंबर: शिला समुद्र होते हुए होमकुंड पहुँचना। यहाँ विशेष पूजा-अर्चना के बाद चौसिंग्या खाडू (चार सींग वाले भेड़) को कैलाश के लिए भावभरी विदाई दी जाएगी। वापसी में यात्रा जामुन डाली पड़ाव पहुंचेगी।
21 सितंबर: देव डोलियाँ और निशान सुतोल गांव (नंदानगर) पहुंचेंगे।
22 सितंबर: अन्य डोलियों की रवानगी के साथ बधाण की नंदादेवी डोली पुनः वांण गांव पहुंचेगी।
30 सितंबर: नंदादेवी की उत्सव डोली सिद्धपीठ देवराड़ा-थराली पहुंचेगी, जहाँ माता 6 माह के शीतकालीन प्रवास हेतु गर्भगृह में विराजमान होंगी।

