berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhppSportsuttarakhand

बेरीनाग में क्रास कंट्री दौड़: भगवान और आरती बने ओपन वर्ग के चैंपियन।

​खुशबू, तेजपाल, सूरज और खुशी ने भी अपने-अपने वर्ग में मारी बाजी। 

​बारिश के बावजूद 160 युवाओं ने दिखाया दम, विधायक फकीर राम टम्टा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

​बेरीनाग (संवाददाता)। स्वतंत्रता दिवस 2026 के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत खेल विभाग पिथौरागढ़ एवं शिव शक्ति क्लब बेरीनाग के संयुक्त तत्वावधान में क्रास कंट्री दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। मूसलाधार बारिश के बावजूद प्रतियोगिता में 160 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।

​पुराना बाजार से आयोजित इस दौड़ का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक फकीर राम टम्टा ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता में सबसे पहले ओपन वर्ग (पुरुष व महिला) की 8 किमी, इसके बाद अंडर-18 (बालक व बालिका) की 5 किमी और अंत में अंडर-14 (बालक व बालिका) वर्ग की 4 किमी दौड़ आयोजित हुई।

​ओपन वर्ग में भगवान सिंह खाती (पुरुष) और आरती जोशी (महिला) ने पहला स्थान हासिल कर चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं, अंडर-18 वर्ग में तेजपाल सिंह और खुशबू जोशी तथा अंडर-14 वर्ग में सूरज सिंह मेहरा और खुशी जोशी ने बाजी मारी।

​विजेताओं को मिला नकद पुरस्कार व ट्रैक सूट

​समापन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष हेमवन्ती पंत, ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल और ज्येष्ठ प्रमुख धीरज बिष्ट द्वारा विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। शिव शक्ति क्लब की ओर से प्रत्येक वर्ग में प्रथम स्थान पाने वाले खिलाड़ी को ₹1,500, द्वितीय को ₹1,000 और तृतीय स्थान प्राप्तकर्ता को ₹500 का नकद पुरस्कार दिया गया, जबकि खेल विभाग की ओर से विजेताओं को ट्रैक सूट प्रदान किए गए।

​विधायक फकीर राम टम्टा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “बारिश के बीच भी सैकड़ों युवाओं की यह भागीदारी साबित करती है कि हमारे ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने और आगे बढ़ने का बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं।”

​कार्यक्रम के अंत में खेल प्रशिक्षक मदनमोहन रावत ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान भाजपा, कांग्रेस के स्थानीय जनप्रतिनिधि, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और शिव शक्ति क्लब के पदाधिकारी मौजूद रहे।

​विजेताओं की सूची:

​ओपन वर्ग (पुरुष): 1. भगवान सिंह खाती, 2. योगेश कुमार, 3. पंकज सिंह कार्की, 4. महिमन सिंह, 5. सुमित सिंह बोहारा, 6. नितेश कुमार।

​ओपन वर्ग (महिला): 1. आरती जोशी, 2. ममता, 3. शीतल, 4. तनुजा कार्की, 5. बबीता, 6. उमा खाती।

​अंडर-18 (बालक): 1. तेजपाल सिंह, 2. सौरभ सिंह, 3. रक्षित सिंह, 4. कृष्णा सिंह मेहरा, 5. आर्यन टम्टा, 6. कमलेश मेहरा।

​अंडर-18 (बालिका): 1. खुशबू जोशी, 2. अंजलि, 3. रितिका, 4. प्रार्थना डांगी, 5. मीनाक्षी, 6. दिया टम्टा।

​अंडर-14 (बालक): 1. सूरज सिंह मेहरा, 2. प्रियांशु शाह, 3. कृष्णा भण्डारी, 4. दीपक सिंह, 5. कार्तिक बाफिला, 6. खगेन्द्र सिंह।

​अंडर-14 (बालिका): 1. खुशी जोशी, 2. पायल जोशी, 3. मनीषा।

Share This News