2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए TET की बाध्यता समाप्त करने की मांग: SC/ST शिक्षक एसोसिएशन ने केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा को सौंपा ज्ञापन।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़। अनुसूचित जाति जनजाति (SC/ST) शिक्षक एसोसिएशन, जनपद इकाई पिथौरागढ़ ने वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण करने की अनिवार्य बाध्यता को समाप्त करने की मांग को लेकर अपना विरोध तेज कर दिया है। जिला अध्यक्ष अनिल कुमार के नेतृत्व में एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने वन विभाग के विश्राम गृह में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए TET अनिवार्य करने से शिक्षकों में भारी गुस्सा और असंतोष है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री से वार्ता की मांग
संघ के प्रचार सचिव गोविंद राम आर्या ने बताया कि केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा से शिक्षकों के सामने उत्पन्न असमंजस की स्थिति को हमेशा के लिए समाप्त करने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि वे इस विषय पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी से वार्ता कर एक स्थायी समाधान निकलवाएं।
19 सूत्रीय मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन
महामंत्री बी. आर. कोहली ने बताया कि एसोसिएशन अपनी 19 सूत्रीय मांगों के समाधान के लिए लगातार चरणबद्ध आंदोलन चला रहा है। राज्य सरकार द्वारा अभी तक इन मांगों पर कोई ठोस या निर्णायक फैसला न लेने पर उन्होंने कड़ा रोष जताया। संघ ने केंद्रीय मंत्री से मांग की है कि वे इस संबंध में राज्य सरकार से वार्ता कराएं और शिक्षकों के इस आंदोलन का समर्थन करें।

