पिथौरागढ़: शराब पीकर गाड़ी दौड़ा रहे चालक को पुलिस ने भेजा हवालात, वाहन सीज; 51 अन्य के कटे चालान।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़। जनपद में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस का चेकिंग अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले एक चालक को गिरफ्तार कर उसका वाहन सीज कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, एसएचओ कोतवाली पिथौरागढ़ ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीमों द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। अभियान के दौरान अपर उपनिरीक्षक (ASI) राजेंद्र राम और उनकी टीम ने वाहन चालक सागर कुमार को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया और वाहन को सीज कर उसे हवालात की सैर कराई।
इसके अलावा, जनपद पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले कुल 51 लोगों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में हुड़दंगियों और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।

