FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhandथराली

देवाल के जनप्रतिनिधियों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने को लेकर विधायक टम्टा को सौंपा ज्ञापन।

​थराली (हरेंद्र बिष्ट)। वित्तीय वर्ष 2014-2015 में स्वीकृत देवाल विकासखंड के बगड़ीगाड़-धूरा, धारकोट-बांक-पिनाऊं-बवांण मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू न होने से क्षेत्रीय ग्रामीणों में आक्रोश है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर देवाल क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने थराली विधायक भूपाल राम टम्टा को एक ज्ञापन सौंपा।

​विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत, पिनाऊं के ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह दानू तथा स्व. पूर्व विधायक शेर सिंह दानू राजकीय मेला समिति के अध्यक्ष इंद्र सिंह राणा समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा संख्या 298/2015 के तहत धूरा-धाराकोट-बांक-पिनाऊं-बलाण मोटर मार्ग के प्रथम चरण की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति वर्ष 2015 में मिल चुकी थी।

​निर्माण कार्य की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) थराली को सौंपी गई थी, लेकिन स्वीकृति मिलने के 12 वर्षों बाद भी धरातल पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। जनप्रतिनिधियों ने विधायक से वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करवाकर निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की।

​कई ग्राम पंचायतों को मिलेगा लाभ

सड़क निर्माण से पिनाऊं, बलाण, वाण, कुलिंग, दिदिना, बांक, मुंदोली, सूया, धूरा धारकोट, हरनी, ल्वाणी, ताजापुर, कांडे, देवसथली, बगड़ीगाड़ और कनोल समेत कई ग्राम पंचायतों की विशाल आबादी को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचेगा। ग्रामीणों ने बताया कि इन क्षेत्रों के लोग स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और व्यापारिक जरूरतों के लिए मुंदोली व लोहाजंग पर निर्भर हैं, ऐसे में सड़क बनने से क्षेत्रीय आवाजाही सुगम होगी।

​विधायक ने दिया आश्वासन

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि वन भूमि हस्तांतरण व सड़क निर्माण की प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए वे अपने स्तर से त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करेंगे।

Share This News