नेपाल-तिब्बत सीमा पर विनाशकारी बाढ़: 100 की मौत, 133 भारतीयों समेत 1000 से अधिक लापता; बिहार-यूपी में अलर्ट जारी।

व्यूरो।
नेपाल-तिब्बत बॉर्डर स्थित नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार सुबह 9 बजे भोटेकोशी नदी में अचानक आई भयानक बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है।
जान-माल का भारी नुकसान

मौतें और लापता: नेपाल पुलिस के अनुसार अब तक 100 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, नेपाल पर्यटन विभाग के अनुसार 1000 से अधिक लोग लापता हैं, जिनमें 133 भारतीय और 300 से ज्यादा विदेशी पर्यटक शामिल हैं।
सड़कों और बस्तियों का विनाश: बाढ़ के कारण बेत्रावती से रसुवागढ़ी-तिब्बत सीमा तक करीब 42 किमी और स्याफ्रुबेसी से सीमा तक 16 किमी सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। रसुवा के टिमुरे, स्याफ्रुबेसी, हाकुबेसी, मेलुंग, बेत्रावती समेत करीब एक दर्जन से अधिक बस्तियां प्रभावित हुई हैं। बाढ़ का असर नुवाकोट, धादिंग से होते हुए चितवन तक देखा गया है।

बाढ़ का कारण और फिर से मंडराता खतरा
संभावित कारण: शुरुआती वैज्ञानिक आंकलन के अनुसार ल्हेंदे नदी में बर्फ और पत्थरों का बड़ा हिस्सा गिरने से नदी का रास्ता रुक गया था। बाद में यह रुकावट टूटने से फ्लैश फ्लड आ गया। ग्लेशियर झील फटने (GLOF) और सुबह 8:37 बजे आए 4.4 तीव्रता के भूकंप के संबंध की भी जांच जारी है। रसुवा में उस वक्त बारिश नहीं हुई थी।
नया खतरा: अधिकारियों के मुताबिक, जिस ग्लेशियर झील के फटने से बाढ़ आई थी, वहां अभी भी करीब 7 मीटर ऊंचा पानी का बांध बना हुआ है, जिसके कभी भी टूटने का खतरा है।

भारत के बिहार और यूपी में अलर्ट जारी
नेपाल से त्रिशूली नदी के रास्ते गंडक नदी में करीब 3 मीटर ऊंची फ्लड वेव आने की आशंका है।
बिहार: पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर जिलों में खास सतर्कता बरती जा रही है।
उत्तर प्रदेश: महाराजगंज और कुशीनगर जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

