FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

पिथौरागढ़ पुलिस का शानदार काम: देश के अलग-अलग राज्यों से खोज निकाले 128 मोबाइल, 20 लाख के फोन पाकर खिले लोगों के चेहरे।

पिथौरागढ़ संवाददाता

​पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ पुलिस ने एक बार फिर अपनी बेहतरीन तकनीकी क्षमता और मुस्तैदी का परिचय दिया है। सर्विलांस सेल और एसओजी की विशेष टीम ने देश भर के विभिन्न राज्यों से कुल 128 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों के सुपुर्द कर दिए हैं। बरामद किए गए इन मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

​पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़,  अक्षय प्रह्लाद कोंडे के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत CEIR पोर्टल, ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से मिली गुमशुदगी की शिकायतों पर कार्रवाई की गई। सर्विलांस सेल की टीम ने लगातार तकनीकी निगरानी रखते हुए इन फोनों को ट्रेस किया।

​इन राज्यों और जिलों तक पहुंची पुलिस की टीम

जांच के दौरान पता चला कि गुम हुए यह मोबाइल फोन देश के अलग-अलग राज्यों—महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, बिहार, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना के साथ-साथ उत्तराखंड के हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिलों में इस्तेमाल किए जा रहे थे। एसपी के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीमें इन स्थानों पर भेजी गईं और सफलता पूर्वक फोन बरामद किए गए।

​कार्यक्रम आयोजित कर सुपुर्द किए गए फोन

पुलिस कार्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने खुद लोगों को उनके खोए हुए फोन सौंपे। महीनों बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ नजर आया।

​सफलता में इनकी रही अहम भूमिका

इस रिकवरी अभियान में सर्विलांस सेल प्रभारी निरीक्षक नीरज भाकुनी, अपर उपनिरीक्षक हेम चन्द्र सिंह और कांस्टेबल कमल तुलेरा की तकनीकी कार्यशैली और मेहनत की सराहनीय भूमिका रही।

​कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपाधीक्षक  गोविन्द बल्लभ जोशी, एसएचओ कोतवाली  ललित मोहन जोशी और सर्विलांस टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Share This News