FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandचमोली

सुखद संदेश: चेनाप घाटी में दुर्लभ ‘फेन कमल’ की बहार, पर्यावरणविदों और वन विभाग में खुशी।

​गोपेश्वर (चमोली): मां नंदा की कैलाश विदाई के साथ ही उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों से प्रकृति प्रेमियों और पर्यावरणविदों के लिए एक बेहद सुखद खबर सामने आई है। चमोली जनपद स्थित चेनाप फूलों की घाटी और आसपास की पहाड़ियों में इस बार अति-दुर्लभ संजीवनी बूटी यानी ‘फेन कमल’ भारी मात्रा में खिला है।

​पर्यावरणविद चंदन नयाल ने चेनाप घाटी की ट्रैकिंग से लौटने के बाद बताया कि सालों बाद इतनी बड़ी संख्या में फेन कमल का खिलना पर्यावरण की दृष्टि से बेहद शुभ संकेत है।

​क्या है ‘फेन कमल’ की खासियत?

​दिखने में अनोखा: यह सफेद रंग का फूल पत्तियों के बीच साबुन के झाग के गोले जैसा नजर आता है।

​ऊंचाई और मौसम: फेन कमल हिमालय में 4500 मीटर से 6000 मीटर की ऊंचाई पर चट्टानी इलाकों में पनपता है। यह मुख्य रूप से मध्य जुलाई से मध्य अक्टूबर के दौरान खिलता है।

​धार्मिक मान्यता: इसे भगवान शिव के अघोरी औघड़ रूप की पूजा में प्रयोग किया जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, राम-रावण युद्ध के दौरान जब लक्ष्मण मूर्छित हुए थे, तब हनुमान जी द्रोणागिरी पर्वत से जिस ‘संजीवनी बूटी’ वाले पहाड़ को उठाकर ले गए थे, वह यही फेन कमल था।

​औषधीय गुणों की खान

​यद्यपि इसमें ब्रह्म कमल की तरह सुगंध नहीं होती, लेकिन औषधीय गुणों के मामले में आयुर्वेदाचार्य इसे ब्रह्म कमल व अन्य जड़ी-बूटियों से भी उच्च दर्जा देते हैं।

​पिछले कुछ वर्षों से जड़ी-बूटियों के अत्यधिक दोहन के कारण इसके अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा था। ऐसे में इस बार बुग्यालों में फेन कमल की यह बहार पर्यावरण संतुलन और अन्य औषधीय पौधों के संरक्षण के लिए एक नई उम्मीद लेकर आई है।

Share This News