पिथौरागढ़ में भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई, पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया भावपूर्ण स्मरण।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़: स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर राष्ट्रवादी एवं भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की 139वीं जयंती जनपद में श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिलेभर में प्रभात फेरी, खेलकूद प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर पंत जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया गया।
दिन की शुरुआत स्कूली बच्चों द्वारा निकाली गई प्रभात फेरी से हुई। वहीं खेल विभाग की ओर से आयोजित क्रॉस कंट्री दौड़ में स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
घंटाघर स्थित पंत पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष भटगांई और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी सहित गणमान्य नागरिकों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों तथा स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों ने पंत जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
जनसभा को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कुमाऊं क्षेत्र में फैली कुली बेगार जैसी कुप्रथा के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष किया और सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि पंत जी का ‘राष्ट्र प्रथम’ का विचार आज भी प्रासंगिक है और उनके बताए आदर्शों को अपने जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इसके बाद नगर निगम सभागार में विविध सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनके माध्यम से पंत जी के जीवन-मूल्यों और कृतित्व को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने और राष्ट्र सेवा की भावना को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

