माँ त्रिपुरा सुन्दरी प्रांगण में कल सजेगा नंदाष्टमी का भव्य रात्रि मेला, हिलजात्रा और लखिया भूत रहेंगे मुख्य आकर्षण।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग। त्रिपुरादेवी: माँ त्रिपुरा सुन्दरी प्रांगण में कल प्रसिद्ध नंदाष्टमी रात्रि मेले का भव्य आयोजन होने जा रहा है। श्रद्धा, लोक संस्कृति और कुमाऊंनी परंपराओं के इस अनूठे संगम में क्षेत्रभर से हज़ारों श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। मेला समिति ने कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
- कलश यात्रा से होगी शुरुआत
मेले का शुभारंभ कल प्रातः 11:00 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। पारंपरिक कुमाऊंनी वेशभूषा में सजी महिलाएँ क्षेत्र में सुख-समृद्धि की कामना के साथ कलश यात्रा निकालेंगी।
- मेले के मुख्य आकर्षण:
भव्य हिलजात्रा (रात 9:00 बजे से): रात्रि के मुख्य आकर्षण में पारंपरिक ‘हिलजात्रा’ का मंजन होगा, जिसमें लखिया भूत की विशेष झांकी और लोक कलाकारों की जीवंत प्रस्तुतियां दर्शकों का मन मोहेंगी।
- माँ नन्दा की राजजात झांकी: माँ नन्दा देवी की भव्य एवं दिव्य झांकी के दर्शन होंगे, जिससे पूरा त्रिपुरादेवी क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहेगा।
- नॉर्त एवं देव-आह्वाहन: मेले में स्थानीय ‘देव डांगर’ अपने पारंपरिक अंदाज में देवी-देवताओं का आह्वाहन (नॉर्त) कर क्षेत्रवासियों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
- चाँचरी एवं भजन-कीर्तन: लोक कलाकारों द्वारा रातभर चाँचरी, छोलिया झड़ा और भक्ति संगीत की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
आयोजकों ने सभी क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मेले की शोभा बढ़ाने और माँ त्रिपुरा सुन्दरी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

