राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में ‘खेल महाकुंभ विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी–2026’ का आयोजन; मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं पूर्व विधायक।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, में आयोजित चार दिवसीय खेल महाकुंभ विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी, गंगोलीहाट–2026 के तीसरे दिन पूर्व विधायक मीना गंगोला मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। 18 सितंबर से 21 सितंबर तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में क्षेत्र के युवा बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभावान युवाओं को अपनी प्रतिभा को मंच देने और आगे बढ़ने का बेहतरीन अवसर मिलता है। खेल न केवल शारीरिक विकास करते हैं, बल्कि अनुशासन और टीम भावना भी सिखाते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ‘खेलो इंडिया’ जैसे व्यापक अभियानों के माध्यम से देश के सुदूरवर्ती क्षेत्रों से खेल प्रतिभाओं को तलाशने और तराशने का निरंतर प्रयास कर रही है। इसके तहत जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान, आधुनिक प्रशिक्षण, संसाधन और प्रतिस्पर्धी अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार भी खेल अवस्थापना (स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर) को मजबूत करने और राज्य के युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय परिवार, शिक्षकगण, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में प्रतिभागी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

