आपदा प्रबंधन दिवस’ पर पिथौरागढ़ वन प्रभाग की सभी 7 रेंजों में हुई व्यापक मॉक ड्रिल।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
वनाग्नि नियंत्रण और मानव-वन्यजीव संघर्ष से निपटने की तैयारियों को परखा; ग्रामीणों व छात्रों को दिए बचाव के टिप्स
पिथौरागढ़। ‘आपदा प्रबंधन दिवस’ के अवसर पर शनिवार को पिथौरागढ़ वन प्रभाग की सभी सात रेंजों में मानव-वन्यजीव संघर्ष न्यूनीकरण और वनाग्नि नियंत्रण की तैयारियों को परखने के लिए व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री की घोषणा और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) पिथौरागढ़ के निर्देशन में यह अभ्यास संपन्न हुआ। इस दौरान वन विभाग की टीमों के साथ पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय प्रशासन, वन पंचायत सरपंचों, ग्राम प्रधानों, फायर वॉचरों और ग्रामीणों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

रेंजवार हुए प्रमुख अभ्यास:
- बेरीनाग रेंज: ग्राम गराऊं (देवीनगर-दुनखोला मोटर मार्ग) में कल्वर्ट में फंसे गुलदार को पिंजरे की मदद से रेस्क्यू कर स्वास्थ्य परीक्षण के बाद अल्मोड़ा रेस्क्यू सेंटर भेजने और चौकोड़ी में वनाग्नि नियंत्रण का अभ्यास किया गया।
- धारचूला रेंज: गलाती-रमतोली मोटर मार्ग के पास भालू के हमले से घायल महिला को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाने तथा रमतोली वन पंचायत में जंगल की आग बुझाने की ड्रिल हुई।
- पिथौरागढ़ रेंज: वन पंचायत पुनेड़ी में वनाग्नि पर त्वरित नियंत्रण का सफल अभ्यास किया गया।
- अस्कोट रेंज: धोबी गाड़ (नारायण नगर-अस्कोट मोटर मार्ग) के समीप तार में फंसे गुलदार के सुरक्षित रेस्क्यू और वनाग्नि नियंत्रण का पूर्वाभ्यास हुआ।
- गंगोलीहाट रेंज: भंडारीगांव क्षेत्र में गुलदार की सूचना पर गश्त व सर्च ऑपरेशन चलाया गया। साथ ही ग्रामीणों व स्कूली बच्चों को जागरूक करने के अलावा जोग्यूड़ा में वनाग्नि नियंत्रण का अभ्यास हुआ।
- डीडीहाट रेंज: ओगला क्षेत्र में गुलदार के हमले से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने और ओगला वन विश्राम गृह के पास वनाग्नि नियंत्रण की मॉक ड्रिल संपन्न हुई।
- मुनस्यारी रेंज: खलिया कक्ष संख्या 03 में वनाग्नि नियंत्रण तथा बुंगा नई बस्ती में गुलदार संघर्ष से निपटने का अभ्यास किया गया।
आपातकालीन नंबरों की दी जानकारी
अभ्यास के दौरान ग्रामीणों और विद्यार्थियों को मानव-वन्यजीव संघर्ष व वनाग्नि की स्थिति में ‘क्या करें और क्या न करें’ की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, 108 और विभागीय टोल-फ्री नंबर 1926 के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे वनों को आग से सुरक्षित रखें और आबादी क्षेत्र में किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी वन कार्यालय या कंट्रोल रूम को सूचित करें।

