FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandथराली

होमकुंड में नंदा देवी बड़ीजात का धार्मिक अनुष्ठान संपन्न: चौसिंगा खांडुओं को दी गई भावभीनी विदाई, वापसी यात्रा शुरू

होमकुंड में नंदा देवी बड़ीजात का धार्मिक अनुष्ठान संपन्न: 

थराली से हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट। 

​थराली/नंदानगर। त्रिशूल और नंदा घुंघटी की तलहटी में स्थित पंचगंगा होमकुंड में रविवार को धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-अर्चना के साथ श्री नंदा देवी बड़ीजात यात्रा 2026 संपन्न हो गई। इसके बाद यात्रा ने नंदा देवी सिद्धपीठ कुरूड़ के लिए वापसी शुरू कर दी है और रविवार देर शाम यात्रा अपने 17वें और चौथे निर्जन पड़ाव जामुन डाली पहुंच गई।

​होमकुंड में विशेष अनुष्ठान और कैलाश विदाई

​रविवार तड़के यात्रा के 16वें पड़ाव शीला समुद्र में स्नान करने के बाद दशोली, बण्ड़ और ज्वाल्पा की नंदा डोलियां, छतौलियां और श्रद्धालु होमकुंड पहुंचे। सुहावने मौसम के बीच होमकुंड पहुंचने पर मुख्य पुजारियों ने नंदा-भगवती की विशेष पूजा और नवमी की जात संपन्न कराई।

​पूजा के दौरान कई श्रद्धालुओं पर देवी-देवता अवतरित हुए और उन्होंने भक्तों को आशीर्वाद दिया। इसके उपरांत पिछले 17 दिनों से यात्रा के साथ चल रहे तीन चौसिंगा खांडुओं (चार सींगों वाले मेंढे) को आभूषण, फल-फूल, प्रसाद और श्रृंगार सामग्री से सजाकर कैलाश की ओर विदा किया गया। इस भावुक क्षण में श्रद्धालुओं ने अश्रुपूरित नेत्रों से अपनी आराध्य को विदाई दी।

​इस अवसर पर नंदादेवी बड़ीजात आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत, कुरूड़ मंदिर समिति के अध्यक्ष सुखबीर सिंह रौतेला, पुजारी मुंशी राम गौड़, दिनेश गौड़ सहित कई पदाधिकारी और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

​जामुन डाली पहुंची वापसी यात्रा, 23 सितंबर को कुरूड़ में महायज्ञ

​होमकुंड में पूजा के बाद डोलियों ने वापसी की राह पकड़ी। घने जंगलों और चंदनियाघट को पार करते हुए यात्रा अपने अंतिम निर्जन पड़ाव जामुन डाली पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने रात्रि प्रवास और जागरण किया। सोमवार को यात्रा पुनः आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश करेगी।

​आगामी 23 सितंबर को दशोली और बण्ड़ की डोलियां सिद्धपीठ कुरूड़ पहुंचेंगी, जहां विशेष यज्ञ-अनुष्ठान के साथ यात्रा का औपचारिक समापन होगा।

​उलंग्रा पहुंची बधाण की राजराजेश्वरी डोली

​उधर, बधाण की श्री नंदादेवी राजराजेश्वरी की उत्सव डोली देवराड़ा वापसी के तहत अपने तीसरे पड़ाव उलंग्रा गांव पहुंच गई है। ल्वाणी से चलकर कांडे और बमणबेरा होते हुए डोली के पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया और मनौतियां मांगी। रविवार रात उलंग्रा में देवी जागरण का आयोजन किया गया।

Share This News