शतरंज केवल खेल नहीं, जीवन जीने की कला भी सिखाता है: पंकज पांडेय।

बेरीनाग संवाददाता।
- साधना इंटर कॉलेज खितोली में अंतर विद्यालयी अंडर-17 एवं अंडर-19 शतरंज प्रतियोगिता संपन्न
- कल 22 सितंबर को बालिका वर्ग के मुकाबले होंगे आयोजित
बेरीनाग। साधना इंटर कॉलेज खितोली में सोमवार को अंतर विद्यालयी अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक वर्ग शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बेरीनाग नाग मंदिर ट्रस्ट और साधना इंटर कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के बालकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अपने बौद्धिक कौशल, एकाग्रता और रणनीतिक सूझबूझ का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज पांडेय ने कहा, “शतरंज केवल मनोरंजन या प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि जीवन जीने और सही निर्णय लेने की कला सिखाता है। बिसात की हर चाल हमें सिखाती है कि कब आगे बढ़ना है, कब धैर्य रखना है और कब रणनीति बदलनी है। जीवन में भी दूरगामी परिणामों को देखकर कदम उठाने पड़ते हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों को जीत-हार से परे रहकर खेल भावना और अनुभव से सीखने की सीख दी।
मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पिथौरागढ़ जिला ओलंपिक संघ के सचिव ललित पंत ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने युवाओं से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
आयोजकों ने बताया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से इस तरह की गतिविधियों का निरंतर आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के समापन पर सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही जानकारी दी गई कि 22 सितंबर को विद्यालय परिसर में बालिका वर्ग की शतरंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

