FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandउत्तराखंडनैनीतालराज्य

​श्री नंदा देवी महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांधा।

नैनीताल संवाददाता। 

​भंडारे में उमड़े श्रद्धालु, मंदिर परिसर में दिनभर रही भक्तों की भीड़; सुरक्षा को लेकर पुलिस मुस्तैद  

​नैनीताल। श्री नंदा देवी महोत्सव में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। महोत्सव के तहत फ्लैट्स मैदान में आयोजित महाभंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने भी प्रसाद वितरित किया। वहीं, श्री राम सेवक सभा के बाल कलाकारों ने दीपक साह के निर्देशन में अपनी सेवाएं दीं।

​मां नंदा देवी के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की भारी भीड़ लगी रही। महोत्सव के तहत आयोजित सीधे प्रसारण में अध्यात्म, देवी भजनों के साथ-साथ कैंसर और नैनीताल की स्थानीय समस्याओं जैसे विभिन्न सामाजिक विषयों पर गणमान्य व्यक्तियों ने विस्तृत चर्चा की। गोवर्धन हॉल में बने स्टूडियो से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जा रहा है।

  • ​रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

रामसेवक सभा भवन व तल्लीताल मंच पर डॉ. मोहित सनवाल के संचालन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जोरदार धूम रही। जीआईसी सुपी के विद्यार्थियों ने पहाड़ी गीतों की सुरीली प्रस्तुतियां दीं। झंकार कल्चर सोसायटी बागेश्वर के चंदन कुमार, जानकी आर्या व टीम ने वंदना, कुमाऊंनी, गढ़वाली लोक नृत्य, छपेली और झोड़ा-चांचरी की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

​इसके अलावा आरोह सांस्कृतिक कला समिति की ओर से पूजा मेहता ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। ‘नई दिशाएं समिति नैनीताल’ के कलाकारों ने किशन लाल के नेतृत्व में ‘नंदा देवी को मासी को फूला’ व ‘रंगीली भाना’ जैसे लोक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुति दी।

  • ​मेले को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद

महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। एसपी संचार रेखा यादव, सीओ नैनीताल अंजना, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत की अगुवाई में पुलिस टीमें लगातार मेला क्षेत्र में गश्त कर रही हैं। पुलिस बल अनाउंसमेंट और व्यक्तिगत संपर्क के जरिए श्रद्धालुओं को अपने कीमती सामान (मोबाइल, पर्स, जेवरात) तथा बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने के प्रति जागरूक कर रहा है।

  • ​सुंदरकांड पाठ और मुख्यमंत्री का आगमन

आयोजकों के अनुसार, 22 सितम्बर को मां नयना देवी मंदिर परिसर में दोपहर 2 बजे से सुंदरकांड पाठ व भजनों का आयोजन होगा, जिसके बाद सायं काल में पंच आरती की जाएगी। वहीं दोपहर 3:50 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मां नयना देवी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे और दर्शन का लाभ लेंगे।

Share This News