गंगोलीहाट महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव 29 सितंबर को, अधिसूचना जारी।

गंगोलीहाट संवाददाता।
पिथौरागढ़/गंगोलीहाट: शहीद पवन सिंह सुगड़ा राजकीय महाविद्यालय, गंगोलीहाट (पिथौरागढ़) में सत्र 2026–27 के छात्रसंघ चुनाव की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के निर्देशों के अनुसार महाविद्यालय में छात्रसंघ निर्वाचन आगामी 29 सितंबर 2026 को कराया जाएगा।
महाविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, चुनाव से संबंधित अधिसूचना 22 सितंबर को जारी कर दी गई है।
निर्वाचन कार्यक्रम का विवरण:
- 23 सितंबर 2026: नामांकन पत्रों की बिक्री (पूर्वाह्न 11:00 से अपराह्न 03:00 बजे तक)
- 24 सितंबर 2026: छात्रसंघ चुनाव हेतु नामांकन प्रक्रिया (पूर्वाह्न 11:00 से अपराह्न 03:00 बजे तक)
- 25 सितंबर 2026: नाम वापसी (पूर्वाह्न 10:00 से अपराह्न 12:00 बजे तक), नामांकन पत्रों की जांच (अपराह्न 12:30 से 02:30 बजे तक) तथा वैध प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन (अपराह्न 03:00 बजे)
- 26 सितंबर 2026: आम सभा (पूर्वाह्न 11:00 बजे से)
- 29 सितंबर 2026: मतदान (पूर्वाह्न 08:00 से अपराह्न 01:00 बजे तक)
मतदान के पश्चात उसी दिन 29 सितंबर को अपराह्न 02:00 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणामों की घोषणा की जाएगी। इसके बाद विजयी प्रत्याशियों को शपथ दिलाई जाएगी। निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति में पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण शाम 04:00 बजे संपन्न होगा।
महाविद्यालय के छात्रसंघ प्रभारी और प्राचार्य ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

