10 सूत्रीय मांगों को लेकर आठ ब्लॉकों के ग्राम प्रधानों ने खोला मोर्चा, विकास भवन परिसर में गरजे।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़। 10 सूत्रीय मांगों पर लंबे समय से कोई ठोस कार्रवाई न होने से नाराज जिले के आठ विकासखंडों के ग्राम प्रधानों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष हेमराज बिष्ट के नेतृत्व में एकत्र हुए प्रधानों ने विकास भवन परिसर में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों पर त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई।
ग्राम प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि वे लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्षरत हैं, लेकिन शासन-प्रशासन के स्तर से केवल उपेक्षा ही मिल रही है। इससे पूर्व अपनी मांगों की अनदेखी से नाराज प्रधानों ने सभी ब्लॉक मुख्यालयों में तालाबंदी कर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया था। इसके बावजूद शासन की ओर से अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई।
प्रदर्शनकारियों ने दो-टूक कहा कि अगर सरकार ने जल्द उनकी 10 सूत्रीय मांगों का समाधान नहीं किया, तो वे आंदोलन को और अधिक उग्र करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन के दौरान जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए दर्जनों ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

