berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में विश्व रोज डे पर कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, रील्स प्रतियोगिता में तमन्ना महरा प्रथम।

बेरीनाग संवाददाता। 

​बेरीनाग। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बेरीनाग में विश्व रोज डे के अवसर पर जन्तु विज्ञान विभाग की ओर से एक दिवसीय कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य प्रो. बी. एम. पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य विषय “ब्राइट होप एंड सपोर्ट – स्प्रेड कैंसर अवेयरनेस” रहा।

​कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शॉर्ट वीडियो व रील प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं ने डिजिटल माध्यमों, अभिनय, संवाद, कहानी और वाचन के जरिए कैंसर की रोकथाम, प्रारंभिक पहचान व स्क्रीनिंग, भ्रांतियों और तथ्यों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने वीडियो क्लिप्स के माध्यम से कैंसर रोगियों के प्रति संवेदनशीलता, आशा और साहस का सशक्त संदेश दिया।

​प्रतियोगिता में एमएससी तृतीय सेमेस्टर की तमन्ना महरा ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीएससी तृतीय सेमेस्टर की दीया एवं ज्योती पंत संयुक्त रूप से द्वितीय रहीं, जबकि एमए प्रथम सेमेस्टर की नेहा ने तृतीय स्थान हासिल किया।

​कार्यक्रम का सफल संचालन जंतु विज्ञान विभाग के प्रभारी डॉ. अमन वर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर डॉ. वर्मा ने सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों, निर्णायक मंडल और प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं की रचनात्मक पहल समाज में गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाती है।

Share This News